Mumbai Mayoral Election: मुंबई नगर निगम (BMC) में मेयर पद के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है. चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही शहर की सियासत में हलचल तेज हो गई है. जानकारी के अनुसार, मेयर पद के लिए नामांकन आज दाखिल किए जाएंगे, जबकि मतदान 11 फरवरी को होगा. हाल ही में संपन्न बीएमसी चुनाव के नतीजों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है. हालांकि, अब तक किसी भी दल ने अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक एलान नहीं किया है.
भाजपा-शिवसेना(एकनाथ शिंदे गुट) को बढ़त
बता दें, 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई महानगर पालिका में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. पार्टी को कुल 89 सीटें मिली हैं. उसके सहयोगी एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने 29 सीटें हासिल की हैं. इस तरह दोनों दलों के पास कुल 118 पार्षदों का समर्थन है, जो बहुमत के आंकड़े 114 से अधिक है. इसी वजह से भाजपा-शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) गठबंधन को मेयर पद जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
वहीं अगर विपक्षी खेमे की बात करें तो उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को 65 सीटें मिली हैं. कांग्रेस ने 24 सीटें जीती हैं, जबकि एआईएमआईएम के खाते में 8 सीटें गई हैं. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को 6 सीटें मिली हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) को एक सीट और एनसीपी (अजित पवार गुट) को तीन सीटें मिली हैं. समाजवादी पार्टी के 2 पार्षद चुने गए हैं, वहीं दो निर्दलीय उम्मीदवार भी जीतकर आए हैं. विपक्षी दलों की संख्या बहुमत से काफी पीछे है, जिससे उनके लिए मेयर पद की दौड़ मुश्किल मानी जा रही है.
महिला के लिए आरक्षित है मेयर की सीट
राज्य के शहरी विकास विभाग द्वारा पिछले महीने निकाली गई लॉटरी के अनुसार, इस बार मुंबई का मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है. इसका अर्थ है कि सभी राजनीतिक दलों को महिला उम्मीदवार ही मैदान में उतारनी होगी. आरक्षण के चलते दलों के भीतर संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज हो गया है और कई नामों पर चर्चा चल रही है.
मेयर चुनाव से पहले भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के एक नवनिर्वाचित पार्षद के अनुसार, सभी भाजपा पार्षदों को शनिवार सुबह 10 बजे दक्षिण मुंबई स्थित बीएमसी मुख्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया है. उन्हें भगवा रंग के कपड़े पहनकर आने को कहा गया है, जिसे पार्टी की शक्ति प्रदर्शन की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है. इससे पहले शुक्रवार को भाजपा ने बीएमसी मुख्यालय में अपने नए कार्यालय में पूजा-अर्चना भी की थी जिसमें बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हुए थे.
मेयर के पद के लिए ये नाम लिस्ट में सबसे आगे
भाजपा के मेयर पद के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची में कई प्रमुख नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं. भाजपा की मुंबई महिला विंग की अध्यक्ष शीतल गंभीर देसाई प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं, जिन्होंने माहिम-दादर क्षेत्र से जीत दर्ज की है. इसके अलावा घाटकोपर से 3 बार की पार्षद और शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष ऋतु तावड़े का नाम भी चर्चा में है. सायन से तीन बार की पार्षद और बीएमसी प्रशासन में लंबा अनुभव रखने वाली राजश्री शिरवाडकर को भी मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है. वहीं, दूसरी बार की पार्षद साक्षी दलवी का नाम भी चयन प्रक्रिया में प्रमुखता से लिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: युवाओं के लिए आप ने क्या किया? रोजगार और स्किल डेवलपमेंट को लेकर ओवैसी ने PM मोदी पर साधा निशाना
गौरतलब है कि बीएमसी में यह चुनाव करीब नौ साल बाद हुआ है. पिछला निर्वाचित बोर्ड समाप्त होने के बाद 7 मार्च 2022 से नगर निगम का प्रशासन राज्य सरकार द्वारा नियुक्त आयुक्त के हाथों में था, जो प्रशासक के रूप में काम कर रहे थे. इस बीच आपको ये भी बता दें कि बीएमसी को देश की सबसे अमीर नगर निकाय माना जाता है. वर्ष 2025-26 के लिए इसका बजट 74450 करोड़ रुपये तय किया गया है, जो कई छोटे राज्यों के बजट से भी अधिक है. ऐसे में मेयर चुनाव को न केवल मुंबई, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है.
