
Bhupen Borah: असम विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी घमासान जारी है. जानकारी के मुताबिर, असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. हाल ही में भाजपा में शामिल होने की घोषणा करने वाले बोराह ने दावा किया कि 8 मार्च तक कई और कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर सत्तारूढ़ दल में शामिल हो सकते हैं.
कई कांग्रेस नेता भाजपा में आने की कर रहे तैयारी: बोरा
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, बोराह ने कहा कि मैंने अमित शाह को बताया है कि कई कांग्रेस नेता भाजपा में आने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने शाह की रणनीतिक सोच की सराहना करते हुए कहा कि वह केवल वर्तमान राजनीति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखकर निर्णय लेते हैं.
बोराह ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि पहले चुनाव प्रचार के दौरान वह हमेशा मुस्कुराती नजर आती थीं, लेकिन इस बार वह चिंतित और परेशान दिखीं. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर भी निशाना साधा. बोराह ने आरोप लगाया कि गोगोई ने पहले उन्हें कांग्रेस का मजबूत स्तंभ बताया था, लेकिन बाद में उन पर झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए थे.
बता दें, करीब 32 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद बोराह ने इस हफ्ते पार्टी छोड़ दी थी. उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व से उन्हें वह सम्मान मिला, जो कांग्रेस में कभी नहीं मिला. सूत्रों का मानना है कि उनके जाने से कांग्रेस को असम में बड़ा झटका लगा है खासकर ऊपरी असम में जहां बोराह का प्रभाव काफी माना जाता है.
ये भी पढ़ें: : 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे पर बंद होगी ये सुविधा, FASTag-यूपीआई बनेंगे सहारा; नोट कर लें पूरी डिटेल
22 फरवरी को भाजपा में शामिल हुए बोराह के कदम को सत्तारूढ़ दल के लिए अहम माना जा रहा है. इस बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि विकास, स्थिरता और प्रधानमंत्री मोदी के विजन में विश्वास रखने वाले नेता स्वेच्छा से भाजपा से जुड़ रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि बोराह का अनुभव पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करेगा.

