News in Brief

एक भव्य वैवाहिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चलकर आते हैं और झुककर उच्च और विशिष्ट स्थान पर विराजमान संत को प्रणाम करते हैं. स्वामी जी आशीर्वाद के तौर पर गले से माला निकालकर भारत के प्रधानमंत्री को पहना देते हैं. वह संत स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद थे. प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में इन्हीं स्वामी जी के शंकराचार्य होने पर प्रशासन ने सवाल उठा दिया है. मौनी अमावस्या पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की टोली को पुलिस ने रोक दिया. पालकी से उतरकर पैदल जाने को कहा गया. आरोप लगे कि संगम स्नान करने जाते समय पुलिस ने स्वामी जी के अनुयायियों के साथ अभद्रता की. स्वामी जी धरने पर बैठ गए तो प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर दिया. लोगों के मन में सवाल है कि शंकराचार्य जैसे प्रतिष्ठित पद पर विवाद क्यों, इन्हें कैसे चुना जाता है? सुप्रीम कोर्ट ने क्या रोक लगाई है, जिसका जिक्र नोटिस में है. 

1. पहले यह जान लीजिए कि आदि गुरु शंकराचार्य ने जो चार प्रमुख मठों की स्थापना की थी उसमें से एक मठ उत्तराखंड के चमोली में स्थित है. यह ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) है, जो उत्तर दिशा का प्रतिनिधित्व करता है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इसी मठ से ताल्लुक रखते हैं. सितंबर 2022 में स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निधन के बाद वह शंकराचार्य बने थे. 

शंकराचार्य के उत्तराधिकारी कैसे बनते हैं?

Add Zee News as a Preferred Source

2. अब सवाल उठता है कि शंकराचार्य बनने की क्या प्रक्रिया है? क्या मौजूदा शंकराचार्य कोई वसीयत लिखते हैं? उत्तराधिकारी कैसे चुन लिया जाता है. इस सवाल का जवाब जानने से पहले हमें यह जानना जरूरी है कि ज्योतिर्मठ में काफी समय तक कोई शंकराचार्य ही नहीं थे. पवन के. वर्मा अपनी किताब ‘आदि शंकराचार्य’ में लिखते हैं कि अंतिम विधि सम्मत महंत स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती थे, जो 1941 में नियुक्त हुए थे. 1953 में उनकी मृत्यु के बाद से उत्तराधिकार का मामला कई कानूनी मुकदमों में उलझा रहा. जहां तक शंकराचार्य की नियुक्ति की प्रक्रिया का सवाल है तो ब्रह्मानंद के पास तीन अन्य पीठों के शंकराचार्य का समर्थन था. वाराणसी में साधु-संतों की ओर से नियुक्ति की घोषणा की गई थी. उन्हें दरभंगा, वाराणसी समेत कई राजाओं ने भी समर्थन दिया था. इस तरह वह सर्वमान्य तरीके से ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य बने थे. 

वैसे, संन्यासी ही शंकराचार्य होते हैं. वह गृहस्थ जीवन का त्याग करने वाले मुंडन के साथ अपना पिंडदान कर चुके होते हैं. रूद्राक्ष धारण करते हैं. आमतौर पर नियुक्ति गुरु और शिष्य की प्राचीन परंपरा से होती है. 

वसीयत पर शंकराचार्य ?

3. इस तरह से देखें तो उनके बाद यह परंपरा टूट गई. मई 1953 को स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती गोलोकवासी हो गए. आगे शंकराचार्य पद को लेकर टकराव की स्थिति बन गई. ब्रह्मानंद जी के शिष्य हरिहरानंद जी का नाम आगे बढ़ाया गया लेकिन वह खुद तैयार नहीं हुए. बाद में दावा किया गया कि ब्रह्मानंद ने एक वसीयत तैयार की थी. इसमें चार नाम सिलसिलेवार तरीके से लिखे थे- स्वामी शांतानंद सरस्वती, स्वामी द्वारकेशानंद, स्वामी विष्णुदेवानंद और स्वामी परमानंद. इसे ही आधार मानते हुए स्वामी शांतानंद शंकराचार्य बन गए. हालांकि पुरी, द्वारका और श्रृंगेरी के शंकराचार्यों ने उन्हें मान्यता नहीं दी. ब्रह्मानंद जी के कुछ शिष्य भी इसके खिलाफ थे. उन्होंने कहा कि उत्तराधिकारी की नियुक्ति में वसीयत की कोई परंपरा नहीं है. वसीयत को ही फर्जी कहा गया तो मामला कोर्ट पहुंच गया. 

मठ एक और शंकराचार्य दो

4. आगे और विषम स्थिति बनी. मठ से जुड़े लोगों और विद्वानों ने स्वामी कृष्णबोध आश्रमजी महाराज का नाम शंकराचार्य के लिए आगे बढ़ाया. इस तरह एक मठ के दो शंकराचार्य सामने आए. उन्होंने जीते जी स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी का नाम आगे बढ़ाया था. स्वरूपानंद जी को दीक्षित ब्रह्मानंद जी ने ही किया था. स्वामी स्वरूपानंद ने खुद को उत्तराधिकारी घोषित कर लिया. कुछ समय बाद शांतानंद ने स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती को अपना उत्तराधिकारी बना दिया. ऐसे में वासुदेवानंद और स्वरूपानंद दो शंकराचार्य का दावा करने लगे. स्वरूपानंद ने पास ही एक जमीन पर अपना नया आश्रम बना लिया. आगे 90 के दशक तक मामला कोर्ट में चलता रहा. 

5. इसके बाद साल आया 2017 और इलाहाबाद हाई कोर्ट ने स्वरूपानंद सरस्वती और वासुदेवानंद सरस्वती दोनों को शंकराचार्य नहीं माना. कोर्ट ने कहा कि कोई भी योग्य उत्तराधिकारी नहीं है. आगे सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले का इंतजार होने लगा. 2022 के सितंबर महीने में स्वरूपानंद सरस्वती का निधन हो गया. 

स्वामी अवमुक्तेश्वरानंद कैसे बने शंकराचार्य?

6. स्वरूपानंद जी के गोलोकवासी होने के अगले दिन स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने खुद को शंकराचार्य घोषित कर लिया. अगले महीने अक्तूबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी. 

माघ मेला प्रशासन के नोटिस में क्या है

– नोटिस में लिखा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि अभी किसी भी धर्मगुरु को ज्योतिर्मठ का शंकराचार्य घोषित नहीं किया जा सकता है. 
– प्रशासन को आपत्ति है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर बोर्ड पर ‘शंकराचार्य’ क्यों लिखा है. यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना है. 
–  24 घंटे के अंदर प्रशासन से ‘शंकराचार्य’ के इस्तेमाल पर जवाब मांगा. 

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का जवाब

– स्वामी जी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पहले ही ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य घोषित किया जा चुका था. प्रशासन इस बात के लिए माफी मांगे कि उस दिन पालकी से उतारकर स्वामी जी को पैदल जाने के लिए कहा गया. 
– जब Zee न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में स्वामी अवमुक्तेश्वरानंद से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम शंकराचार्य हैं या नहीं, इस पर कोई भी मुकदमा किसी भी न्यायालय में नहीं चल रहा है. 
– स्वामी जी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कभी नहीं कहा कि हम शंकराचार्य नहीं हैं या हम नाम के साथ शंकराचार्य नहीं लिख सकते. किसी भी कोर्ट का आदेश प्रशासन सामने नहीं रख पा रहा है.