News in Brief

Renu Chaudhary Controversy: दिल्ली के पूर्वी इलाके मयूर विहार से जुड़ा एक मामला काफी चर्चा में है. पटपड़गंज से बीजेपी पार्षद रेणु चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह एक विदेशी फुटबॉल कोच से बात करती नजर आ रही हैं. वह कई सालों से एमसीडी के एक पार्क में बच्चों को फुटबॉल सिखा रहा है.

वीडियो में रेणु चौधरी को यह कहते सुना जा सकता है, कोच को एक महीने के अंदर हिंदी सीखनी होगी. उनका कहना है अगर कोई इस जगह से कमाई कर रहा है तो उसे हिंदी बोलनी भी आनी चाहिए. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोच ने हिंदी नहीं सीखी तो उसे पार्क में ट्रेनिंग देने से रोक दिया जाएगा.

रेणु चौधरी ने यह सवाल भी उठाया कि पार्क देर रात तक खुला रहता है. उन्होंने कहा कि पार्क को रात 8 बजे तक बंद हो जाना चाहिए. यह वीडियो खुद पार्षद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला था. वीडियो में वह कोच को अफ्रीकी बताते हुए उससे सवाल करती नजर आती हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें कि वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पार्षद की कड़ी आलोचना की है. कई लोगों ने इसे विदेशी नागरिक के साथ गलत व्यवहार बताया है. आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस तरह का रवैया अपमानजनक है. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे बयान विदेशों में रहने वाले भारतीयों की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं. वहां भारतीयों के साथ गलत व्यवहार का कारण बन सकते हैं.

जब इस मामले पर दिल्ली पुलिस से सवाल किया गया तो पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. अगर कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी. वहीं एमसीडी के अधिकारियों ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

विवाद बढ़ने के बाद रेणु चौधरी ने अपना पक्ष भी रखा है. उन्होंने कहा कि उनका बयान नफरत से जुड़ा नहीं है, बल्कि नियम, भाषा और सम्मान से जुड़ा हुआ है. उनका कहना है कि वह कोच पिछले 10–12 सालों से बच्चों को ट्रेनिंग दे रहा है, लेकिन इतने समय में भी उसने हिंदी सीखने की कोशिश नहीं की. रेणु चौधरी ने यह भी कहा कि जब हम किसी दूसरे देश में जाते हैं, तो वहां के नियम और भाषा का सम्मान करते हैं.

उन्होंने यह भी दोहराया कि पार्क की देखरेख और देर रात तक खुले रहने को लेकर पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं. रेणु चौधरी के मुताबिक उन्होंने करीब आठ महीने पहले भी इस बारे में चेतावनी दी थी. 

यह भी पढ़ें: हार्ट अटैक समझी गई मौत निकली खौफनाक हत्या, पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची थी साजिश; CCTV ने खोल दी पूरी पोल