News in Brief

Logistics Manager Murder: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक निजी यूनिवर्सिटी में काम करने वाले लॉजिस्टिक्स मैनेजर की मौत को पहले हार्ट अटैक बताया गया था. हालांकि यह बाद में हत्या साबित हुई. पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है. CCTV फुटेज और तकनीकी सबूतों से पूरा मामला की जांच में पुलिस जुटी है.

पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र 45 साल थी. वह बोदुप्पल इलाके में रहता था. 36 साल की उसकी पत्नी ने शुरुआत में रिश्तेदारों को बताया कि उसके पति की मौत हार्ट अटैक से हुई है. इसके बाद उसने मेडिपल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दी कि उसका पति घर के बाथरूम में बेहोश मिला और सरकारी अस्पताल, मलकाजगिरी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हालांकि, जब पुलिस ने जांच शुरू की तो शव पर कुछ संदिग्ध चोटों के निशान पाए गए. गाल और गर्दन पर निशान देखकर पुलिस को शक हुआ मामला कुछ और है. फिर CCTV फुटेज और तकनीकी सबूत खंगाले गए. इससे सच्चाई सबके सामने आ गई.

Add Zee News as a Preferred Source

जांच में पता चला, महिला का एक 22 साल के निर्माण मजदूर से अवैध संबंध था. पति को इस रिश्ते की भनक लग गई थी. वह पत्नी से लगातार सवाल कर रहा था. इसी बात से परेशान होकर पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे मारने की साजिश को अंजाम दिया.

बता दें, पुलिस के अनुसार 11 दिसंबर को जब लॉजिस्टिक्स मैनेजर काम से घर लौटा, तो प्रेमी और एक अन्य आरोपी ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान पत्नी ने उसके पैर पकड़ रखे थे. इसके बाद प्रेमी ने चुन्नी से उसका गला घोंट दिया. जिसके बाद मैनेजर की मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए मृतक के कपड़े बदले. इस्तेमाल की गई चीजों को ठिकाने लगा दिया. हालांकि पुलिस की पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

Rachakonda Police ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की गई. ठोस सबूत मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि अगर समय पर CCTV और तकनीकी जांच नहीं होती तो यह हत्या हार्ट अटैक बनकर ही रह जाती.

यह भी पढ़ें: IGMC हॉस्पिटल के वार्ड में मरीज पर हमला करने का वीडियो वायरल, 4 घंटे में सरकार का एक्शन; डॉक्टर सस्पेंड