
सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने जा रही हैं. वह अभी विधायक नहीं हैं फिर भी शपथ ले सकती हैं. उन्हें छह महीने के अंदर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना होगा. यह जिम्मेदारी उनके पति और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद उन्हें दी गई है. आइए आपको बताते हैं.
कौन हैं सुनेत्रा पवार
सुनेत्रा पवार का जन्म 1963 में धाराशिव में (उस्मानाबाद) कहलाता था, उसमें एक किसान परिवार में हुआ था. पार्टी और परिवार में उन्हें प्यार से वाहिनी कहा जाता है. वह अभी राज्यसभा सांसद हैं. अब वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने जा रही हैं.
बिना विधायक कैसे ले सकती हैं शपथ?
भारत के संविधान के अनुच्छेद 164(4) के मुताबिक कोई भी व्यक्ति मंत्री या डिप्टी सीएम बन सकता है भले ही वह विधायक या विधान परिषद का सदस्य न हो. इसके लिए मुख्यमंत्री की सिफारिश और पार्टी का समर्थन जरूरी होता है. हालांकि इसमें एक शर्त होती है, ऐसे व्यक्ति को छह महीने के अंदर विधायक या एमएलसी बनना होता है. अगर ऐसा नहीं हुआ तो पद छोड़ना पड़ेगा.
सुनेत्रा पवार को आगे क्या करना होगा?
सुनेत्रा पवार को शपथ लेने के बाद 6 महीने के अंदर विधानसभा या विधान परिषद का चुनाव जीतना होगा. इसके लिए पार्टी का कोई मौजूदा विधायक अपनी सीट छोड़ सकता है ताकि उपचुनाव हो सके. बरामती सीट जो पहले अजित पवार के पास थी फिलहाल खाली है. इस सीट से चुनाव लड़ने का विकल्प खुला हुआ है. पहले भी ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे जैसे नेता इसी तरीके से उपचुनाव जीतकर विधायक बने थे.
राज्यसभा सीट का क्या होगा
आपको बता दें, सुनेत्रा पवार की राज्यसभा सीट खाली हो जाएगी, सूत्रों के मुताबिक यह सीट उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को मिल सकती है.
NCP में नई जिम्मेदारी
NCP नेताओं ने भारी दुख के बीच 62 साल की सुनेत्रा पवार को यह जिम्मेदारी संभालने के लिए मनाया है. पार्टी ने उन्हें एनसीपी का नया अध्यक्ष बनाया है. अजित पवार के पास जो विभाग थे उनमें से वित्त और योजना को छोड़कर बाकी सभी विभाग सुनेत्रा पवार को दिए जाएंगे. अजित पवार के पास वित्त, योजना, राज्य आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक मामलों जैसे अहम विभाग थे.
बजट की जिम्मेदारी अब किसके पास
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त और योजना विभाग अपने पास रखे हैं. वही आने वाले विधानसभा सत्र में राज्य का बजट पेश करेंगे. यह सत्र फरवरी के आखिरी हफ्ते में शुरू होने की उम्मीद है. फडणवीस ने कहा कि बजट की तैयारी अजित पवार ने की थी लेकिन अब बाकी काम वह खुद देखेंगे.
सादा रहेगा शपथ ग्रहण समारोह
सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण आज शाम 5 बजे होगा. यह कार्यक्रम बिल्कुल सादा रखा गया है. कोई भव्य सजावट या रोशनी नहीं होगी. समारोह में सिर्फ मुख्यमंत्री, कुछ कैबिनेट मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी और परिवार के कुछ चुनिंदा लोग मौजूद रहेंगे.
अजित पवार की दर्दनाक मौत
NCP प्रमुख अजित पवार की बुधवार सुबह एक विमान हादसे में मौत हो गई थी. वह मुंबई से बरामती जा रहे थे. जिस छोटे विमान, लियरजेट 45, में वह सफर कर रहे थे वह दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में अजित पवार के साथ पायलट सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, उनके सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई. यह हादसा पूरे राजनीतिक जगत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ‘वे जो भी फैसला करेंगे, हम उसका समर्थन करेंगे…’ सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने को लेकर क्या बोले देवेंद्र फडणवीस
