News in Brief

Aircraft Accident Investigation Bureau: भारत में फिलहाल करीब 163 ऑपरेशनल एयरपोर्ट हैं. पिछले साल अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश के बाद देश के सभी हवाईअड्डों पर मौजूद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के टावरों पर खास चौकसी बरती जा रही है. हवाई हादसों की जांच करने वाली संस्था (AAIB) ने सभी हवाईअड्डों पर मौजूद एटीसी टावरों के अंदर कैमरे लगवाकर वहां की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य कराने की मांग की है. पिछले नवंबर में दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एरियाना अफगान एयरलाइंस की एक फ्लाइट गलत रनवे पर उतरने के बाद एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावरों के अंदर वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग को अनिवार्य करने की मांग की है. 

रिकॉर्डिंग की मांग

एटीसी के बगैर हवाई सफर की कल्पना भी संभव नहीं है. एटीसी (ATC) हवाई जहाजों को निर्देशित करता है. ATC का प्रमुख काम एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही को सुरक्षित और सुचारू बनाना होता है. उसकी जिम्मेदारियों में फ्लाइट प्लान की प्रोसेसिंग, मौसम की जानकारी जुटाना, रनवे और हवाई रूट की स्थिति, और यह सारा डेटा दुनियाभर के एयरपोर्ट्स से शेयर करने जैसे महत्वपूर्ण काम होते हैं. ये सारे काम एटीसी का दिल यानी ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) बेहद तेज और सुरक्षित तरीके से करता है. जब ये काम एटीसी टावर में मौजूद लोग दशकों से करते हैं रहे हैं फिर अचानक उनके काम की निगरानी की मांग ने कैसे जोर पकड़ा आइए बताते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

एटीसी ऑफिस और पायलट के बीच क्या संवाद हुआ?

23 नवंबर, 2025 को, काबुल से फ्लाइट AFG311 ऑपरेट कर रहा एरियाना अफगान एयरलाइंस का एक विमान IGI एयरपोर्ट पर तय लैंडिंग रनवे के बजाय सिर्फ डिपार्चर के लिए बने रनवे पर उतर गया. AAIB के मुताबिक, काबुल से आई फ्लाइट को दिल्ली ATC ने रनवे 29L पर लैंड करने की मंजूरी दी गई थी, लेकिन टचडाउन से करीब दो नॉटिकल मील दूर रनवे 29L के लिए लैंडिंग क्लीयरेंस मिलने के बावजूद, उसने दोपहर 12.06 बजे रनवे 29R पर लैंड किया. जबकि 29R लैंडिंग के लिए तैयार नहीं था. उसकी अप्रोच लाइट्स, ILS और प्रिसिजन अप्रोच पाथ इंडिकेटर (PAPI) बंद थे, क्योंकि यह सिर्फ डिपार्चर मोड में एक्टिव था.

पायलट ने इन्क्वायरी के दौरान हुई पूछताछ में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को बताया कि उसके विमान ने टचडाउन से करीब चार नॉटिकल मील पहले सिग्नल खो दिया था, इसके चलते उसे विजुअल अप्रोच से रनवे 29R पर लैंड करना पड़ा.

 

 

हैरानी की बात ये है कि 29R पर महज 360 मीटर दूर स्थित एयर इंडिया का एक विमान, AI 2243, टेक-ऑफ के लिए खुद को रेडी कर रहा था. शुरुआती जांच रिपोर्ट में की गई इस सिफारिश में रनवे सुरक्षा में हुई लापरवाही की जांच करते समय उपलब्ध सबूतों में कमियों को उजागर किया गया है.

 

AAIB की मांग

जैसे ही कोई विमान किसी हवाई अड्डे से उड़ान भरता है, उसका फ्लाइट प्लान AMSS के जरिए ATC तक पहुंचता है. इसके बाद वो मौसम की जानकारी और अन्य अलर्ट को सिस्टम ऑटोमैटिकली प्रोसेस करता है और जरूरत पड़ने पर अन्य एयरपोर्ट्स तक भेजता है. इसके बावजूद अफगान फ्लाइट का दूसरी पट्टी पर उतरना चिंता का विषय है. 

AAIB ब्यूरो का कहना है कि किसी भी वजह से होने वाली दुर्घटना रोकने के लिए ये जरूरी हो जाता है कि संदेश की क्लियर रिकॉर्डिंग हो. ब्यूरो ने ये भी कहा, ‘दुर्घटना के बाद कंट्रोलर के कामों का एनालिसिस करने के लिए, यह सिफारिश की जाती है कि ATC यूनिटों को ऐसी डिवाइस से लैस किया जाए जो टावर में ATC ड्यूटी कर रहे कंट्रोलर के वीडियो और बैकग्राउंड कम्युनिकेशन को रिकॉर्ड करे. अपनी मांग में ब्यूरो ने यह भी कहा गया कि ऐसी रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल केवल और केवल DGCA और AAIB द्वारा सिर्फ जांच के मकसद से किया जाएगा.