News in Brief

Egypt famous Valley of the Kings: मिस्र की प्रसिद्ध राजाओं की घाटी में 2000 साल पुराने तमिल-ब्राह्मी के शिलालेख मिले हैं. इस खोज के बाद भारत और मिस्र के प्राचीन संबंधों की कहानी और भी गहरी बन गई है. इससे पहले माना जाता था कि भारत और मिस्र के संबंध सिर्फ समुद्री व्यापार तक सीमित थे. लेकिन इन नए प्रमाणों ने इस बात को साबित किया है कि भारतीय व्यापारी मिस्र के अंदरूनी इलाकों तक भी जाते थे.

ये खोज स्विट्ज़रलैंड के विद्वान इंगो स्ट्रॉच और फ्रांस की शोधकर्ता शार्लोट श्मिट ने की है. इस शोध के अनुसार लगभग 2000 साल पहले ये तमिल व्यापारी मिस्र के राजाओं की कब्रों को देखने आया था. जिसके बाद उसने अपना नाम पांच कब्रों में आठ अलग-अलग जगहों पर उकेरा था. तमिल भाषा में सिकै का मतलब मुकुट या चोटी होता है, जबकि ‘कोर्रन’ का मतलब नेता या राजा है. एक शिलालेख में’सिकै कोर्रन-वरा कंत’लिखा है, जिसका अर्थ है कि वह आया और उसने देखा.

भारत मिस्र के रिश्ते 
एक्सपर्ट के अनुसार व्यापारी को यूनानी भाषा भी आती होगी, क्योंकि लिखावट की शैली उस समय की ग्रीक शैली से काफी मिलती-जुलती है. इस खोज से सिर्फ व्यापार ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक जुड़ाव भी पता चलता है कि भारतीय व्यापारी केवल सामान खरीदने-बेचने नहीं आते थे, बल्कि वे मिस्र की ऐतिहासिक इमारतों और धार्मिक स्थलों को देखने भी जाते थे. शोध के दौरान कुल 30 शिलालेख मिले हैं, जिनमें से 20 तमिल भाषा में हैं, जबकि बाकी संस्कृत, प्राकृत और गांधारी-खरोष्ठी लिपि में हैं. इससे ये संकेत मिलता है कि गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर-पश्चिम भारत के लोग भी उस समय मिस्र की यात्रा करते थे.

Add Zee News as a Preferred Source

दूत पहुंचा मिस्र
एक संस्कृत शिलालेख में पश्चिम भारत के ‘क्षहरात’ वंश के एक दूत का भी उल्लेख किया गया है. जो पहली सदी ईस्वी में वहां पहुंचा था. इससे पहले माना जाता था कि सिर्फ रोमन व्यापारी ही भारत आते थे. लेकिन इस खोज के बाद अब ये साफ हो गया है कि भारतीय व्यापारी भी रोमन और मिस्र साम्राज्य तक सक्रिय रूप से यात्रा करते थे. यह खोज ये भी साबित करती है कि प्राचीन समय में भारत और मिस्र के बीच व्यापार के साथ-साथ गहरा सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी था. 

यह भी पढ़ें: कपिल शर्मा, रोहित शेट्टी और अब रणवीर सिंह…कौन है सिनेमा के सितारों को धमकाने वाला हरी बॉक्सर?