
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है. ज्ञानेश कुमार को लिखे पत्र में ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे एसआईआर की आलोचना की है. उन्होंने मतदाता सूची में गहन संशोधन में कथित अनियमितताओं और प्रक्रिया के उल्लंघन के अलावा प्रशासनिक खामियों को लेकर सवाल उठाया है. ममता ने अपने पत्र में कहा कि बिना किसी मजबूत आधार और पूर्व तैयारी के पूरी एसआईआर प्रक्रिया को चलाया जा रहा है.
उन्होंने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि इस प्रक्रिया में कई बड़ी खामियों को उजागर किया है. ममता बनर्जी ने कहा कि एसआईआर को बिना पूरी तैयारी के जल्दबाजी में लागू किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण निर्देश अक्सर व्हाट्सएप जैसे अनौपचारिक माध्यमों से भेजे जा रहे हैं, जबकि इतनी बड़ी और संवेदनशील प्रक्रिया के लिए लिखित और स्पष्ट दिशा-निर्देश जरूरी होते हैं.
आईटी सिस्टम पर सवाल
ममता बनर्जी के अनुसार, सही जानकारी और समय पर सूचना के बिना ये काम किया जा रहा है, जिसके चलते भ्रम की स्थिति बन रही है.पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने एसआईआर की प्रक्रिया में आईटी सिस्टम के ठीक से काम नहीं करने पर भी सवाल उठाया है. उनका मानना है कि एसआईआर को लेकर दिए गए निर्देश आपस में मेल नहीं खाते और जिन अधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी गई है उनको पूरा प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है.
प्रक्रिया रोकने की मांग
उनका कहना है कि तैयारी की कमी और अनावश्यक जल्दबाजी के कारण पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग से इन कमियों को तुरंत दूर करने और जरूरी सुधार करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन कमियों को ठीक नहीं जा रहा है तो इस प्रक्रिया को रोक दिया जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: ‘हम लोगों में एकता की कमी है’…बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चुप नहीं बैठी पब्लिक, बंगाल में जमकर हुआ विरोध प्रदर्शन
पहले भी जताया विरोध
हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं जब ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे एसआईआर को लेकर सवाल उठाए हैं. इससे पहले भी ममता बनर्जी और उनकी पार्टी टीएमसी के नेता एसआईआर का विरोध कर चुके हैं. टीएमसी ने इसको बीजेपी की तरफ से चुनाव जीतने के लिए इस्तेमाल की जा रही रणनीति कहा था. जिस पर बीजेपी ने ममता और टीएमसी को घेरते हुए इसे चुनाव आयोग की पहल बताया.
