News in Brief

भारत के पश्चिमी छोर पर विराजमान भगवान भोलेनाथ के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर इस समय चर्चा में है. यहां सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है. ठीक एक हजार साल पहले, जनवरी 1026 में सोमनाथ मंदिर पर पहला आक्रमण हुआ था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे अनेक हमले भी हमारी आस्था को डिगा नहीं सके. इनसे भारत की सांस्कृतिक एकता की भावना और सशक्त हुई और सोमनाथ का बार-बार पुनरोद्धार होता रहा. पीएम ने सोमनाथ मंदिर से जुड़ी अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें भी साझा कीं. इस तरह से देखें तो पीएम ने एक अहम हिंदुत्व थीम को सामने रखा और इसे भारत के उदय, भविष्य और शाश्वत भावना से कनेक्ट करने की कोशिश की. लोगों को आडवाणी की सोमनाथ से अयोध्या यात्रा भी याद होगी. ऐसे में मन में सवाल उठ सकता है कि भाजपा और संघ परिवार के लीडर्स सोमनाथ की यादों को भूलने क्यों नहीं देना चाहते?

सोमनाथ मंदिर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2026 में इस पवित्र स्थान पर महमूद गजनवी के पहले हमले के 1000 साल पूरे हो जाएंगे. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हमारी सभ्यता की अदम्य (अजेय या अटल) भावना का सोमनाथ मंदिर से बेहतर कोई उदाहरण नहीं हो सकता, जो तमाम मुश्किलों और संघर्षों को पार करते हुए भी शान से खड़ा है. 

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पूरे साल चलेगा. प्रधानमंत्री खुद 11 जनवरी को सोमनाथ मंदिर जाने वाले हैं. एक लेख में उन्होंने कहा कि सोमनाथ की कहानी विनाश से परिभाषित नहीं होती. यह भारत माता के करोड़ों बच्चों के अटूट साहस से परिभाषित होती है. मोदी ने भारत की सभ्यतागत भावना को देश के मौजूदा उदय से जोड़ा और कहा कि यह हमारे वैल्यू सिस्टम और हमारे लोगों का दृढ़ संकल्प है जिसने आज भारत को उस जगह पहुंचाया है जहां सबका ध्यान उसकी ओर है. दुनिया भारत को उम्मीद के साथ देख रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

कई लेखकों ने गजनी के सुल्तान महमूद के 1026 में सोमनाथ पर हुए हमले को इस्लामी आक्रमण की शुरुआत के रूप में सामने रखा है. एक तरफ हमलों से देश में मंदिर तोड़े गए तो भारतीय राजाओं का विरोध भी हुआ जिसमें छत्रपति शिवाजी, राणा प्रताप और गुरु गोबिंद सिंह प्रमुख हैं. 

अब RSS के नजरिए से देखें तो संघ परिवार ने आक्रमण और प्रतिरोध की इस कहानी को हमेशा मध्यकालीन भारत का मुख्य बिंदु माना है. वैसे, यह विचार संघ के जन्म से भी पहले का है. 19वीं सदी से ही लेखकों ने इसे बार-बार इस्तेमाल किया है. अगर सेक्युलर इतिहासकार 200 साल की गुलामी की बात करते हैं यानी ब्रिटिश शासन का वो दौर जब भारत की दौलत लूटी गई. ये उन मुस्लिम राजाओं के उलट है जो यहीं रहे, यहीं खर्च किया और यहीं दफन हो गए. हिंदुत्व के लीडर्स से ‘1,000 साल की गुलामी’ की बात जोरशोर से करते हैं. और उसकी शुरुआत होती है महमूद गजनवी के हमले से.

एक रिपोर्ट के मुताबिक तुर्की – फारसी इतिहास में दर्ज है कि महमूद गजनवी ने न सिर्फ सोमनाथ मंदिर की दौलत लूटी बल्कि मूर्ति भी तोड़ी. वह खुद को मूर्ति तोड़ने वाला मानता था. 19वीं सदी में इसकी चर्चा प्रमुखता से होने लगी. यहां तक कि अंग्रेजों की संसद में भी इसे हिंदुओं के लिए सदमे के तौर पर याद किया गया. 

हालांकि बाद में सेक्युलर इतिहासकारों ने इस सोच को ही चुनौती दी. उन्होंने ‘मंदिरों की लूट’ को उस दौर में दौलत हथियाने का जरिया बताया. उन्होंने इस बात को ही खारिज कर दिया कि महमूद ने कोई बड़ा सदमा पहुंचाया था. इतिहासकार रोमिला थापर ने सोमनाथ पर एक किताब लिखी है और उन्होंने कई तरह के सोर्स के जरिए सदमे वाली कहानी को चुनौती दी. 

हालांकि सोमनाथ को पहले मुस्लिम आक्रमण की जगह के तौर पर देखा जाता रहा. हाल के दशकों में संघ परिवार के लिए सोमनाथ का प्रतीकात्मक महत्व इस बात से साबित होता है कि बीजेपी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी की अयोध्या में राम मंदिर के समर्थन में पहली रथ यात्रा 25 सितंबर 1990 को सोमनाथ से ही शुरू हुई थी. जब भी भाजपा के उभार का जिक्र होता है तो राम मंदिर आंदोलन और उसमें सोमनाथ से अयोध्या रथ यात्रा की चर्चा प्रमुखता से होती है. 

भाजपा के लिए सोमनाथ

असल में सोमनाथ सिर्फ महमूद गजनी से जुड़ी यादों की वजह से भाजपा के लिए एक वैचारिक रूप से महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि यह उस समय हिंदुत्व के लिए मुख्यधारा की राजनीति में प्रवेश करने का भी एंट्री प्वाइंट बना. यह वो समय था जब भाजपा का कोई बहुत बड़ा राजनीतिक कद नहीं था. 

कांग्रेस और सोमनाथ

आजादी के बाद कांग्रेस सरकार के समय ही मई 1951 में सोमनाथ मंदिर को पुनर्निर्माण हुआ था. वह भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल थे, जिन्होंने मंदिर के पुनर्निर्माण प्रोजेक्ट में गहरी दिलचस्पी ली थी. भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद मंदिर के उस समारोह में शामिल हुए थे. बताते हैं कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की थी क्योंकि यह कोई आधिकारिक सरकारी कार्यक्रम नहीं था. फिर भी राष्ट्रपति गए. 

संघ परिवार के लिए 

– सोमनाथ मंदिर एक साथ इस्लामिक आक्रमण की कहानी से जुड़ता है. 
– मंदिर को लेकर सरदार पटेल का रुख हिंदुत्व की स्थिति से मेल खाता दिखता है. 
– इससे यह भी पता चलता है कि सरकार के लोगों के इस तरह सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना नेहरू को पसंद नहीं था. हर साल इस एंगल को भाजपा के नेता जोर-शोर से उठाते हैं. 

खुद पीएम मोदी ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि आजादी के बाद सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी सरदार पटेल पर आई… 1947 में दीपावली पर जब पटेल सोमनाथ पहुंचे तो हालत देखकर भावुक हो गए. उन्होंने उसी स्थान पर मंदिर को फिर से बनाने का फैसला किया. मोदी ने कहा, ‘पंडित जवाहरलाल नेहरू चाहते थे कि सरकार आधिकारिक रूप से इस मंदिर के पुनर्निर्माण से न जुड़े. वह राष्ट्रपति और मंत्रियों की मौजूदगी के भी पक्ष में नहीं थे. नेहरू का मानना था कि इससे भारत की छवि पर गलत असर पड़ेगा लेकिन राष्ट्रपति फैसले पर अडिग रहे और समारोह में गए.’

ऐसा नहीं है कि सिर्फ संघ परिवार के नेता ही सोमनाथ की कहानी जोर शोर से याद करते रहे हैं. पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने 1980 के दशक में पुणे में हिंदुत्व विचारक सावरकर पर दिए अपने प्रसिद्ध भाषण में इसका जिक्र किया था. वाजपेयी ने याद किया कि जनता पार्टी सरकार में विदेश मंत्री के रूप में जब वह अफगानिस्तान गए थे तो गजनी जाने की इच्छा जाहिर की. गजनी यानी महमूद के साम्राज्य की राजधानी. 

वाजपेयी ने बताया कि उनके मेजबान हैरान थे और सोच रहे थे कि वह गजनी जैसी मामूली जगह पर क्या देखना चाहते हैं. अटल ने कहा कि मैं उन्हें पूरी बात नहीं बता सका. मेरे हृदय में गजनी कांटे की तरह चुभ रहा है. जब से किशोरावस्था में मैंने गजनी से आए एक लुटेरे के बारे में पढ़ा है, मैं देखना चाहता था कि वो गजनी कैसा है. उन्होंने कहा कि आपको सुनकर ताज्जुब होगा कि महमूद गजनी का अफगानिस्तान के इतिहास में कोई स्थान नहीं है. गजनी छोटी सी जगह है, छोटा सा गांव है. कल्पना कीजिए सैकड़ों साल पहले वहां धूल उड़ती थी, झोपड़ियां थीं मगर एक लुटेरा लुटेरों को इकट्ठा करता हुआ सोने की चिड़िया को लूटने के लिए चला आया.