What is AI startup Karya: अभी तक आपने कई साइंस से जुड़ी फिल्में देखी होंगी, कुछ में दावा किया जाता रहा है कि आने वाले समय में मशीनें इतनी समझदार हो जाएंगी कि वे खुद ही आगे की पीढ़ी का निर्माण कर देंगी. अब एआई के बढ़ते विकास को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि वो दौर अब दूर नहीं है. एआई के विकास को लेकर तमाम प्रकार के दावे किए गए, जिसमें कहा जाता रहा है कि ये लोगों की नौकरियों को खा जाएगा.
हालांकि, इससे कई लोगों को नौकरियां मिली हैं इसमें भी कोई दो राय नहीं है. ऐसा ही एक उदाहरण है एआई स्टार्टअप ‘कार्या’, जो लोगों को हर घंटे काम करने के पांच डॉलर तक देती है. आइए आपको बताते हैं कि आखिर ये कंपनी लोगों से क्या काम कराती है…
कौन हैं कार्या के सह संस्थापक मनु चोपड़ा?
एआई स्टार्टअप ‘कार्या’ के सह-संस्थापक मनु चोपड़ा ने स्टैनफोर्ड से ग्रेजुएशन पूरा किया है और साल 2021 में कार्या की शुरुआत इस उद्देश्य के साथ की थी कि AI का उपयोग केवल अंग्रेजी भाषा का इस्तेमाल करने वालों के लिए नहीं है, बल्कि यह सभी के लिए होना चाहिए. मनु चोपड़ा चाहते थे कि एआई उपकरण स्थानीय भाषाओं को समझ सकें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस तकनीक का इस्तेमाल करें और लाभ प्राप्त करें.
चोपड़ा ने 2015 में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में प्रशिक्षक के रूप में काम शुरू किया. यहां पर उन्होंने एक प्रशिक्षक के रूप में काम शुरू किया. इस दौरान चोपड़ा ने सामाजिक प्रभाव पर केंद्रित वास्तविक परियोजनाओं के निर्माण के माध्यम से वेब प्रौद्योगिकियों को सीखा. इसके बाद साल 2016 में वह माइक्रोसॉफ्ट में एक शोध के ट्रेनी के रूप में शामिल हुए. कुछ छोटे प्रोजेक्ट्स पर काम करने के बाद, वे 2018 में एक रिसर्च फेलो के रूप में माइक्रोसॉफ्ट में वापस आ गए.
एक घंटे के मिलेंगे 455 रुपये
फोर्ब्स की एक रिपोर्ट में बताया जाता है कि यह कंपनी कम आय वाले भारतीयों को एआई सिस्टम बनाने में मदद करने के लिए स्थानीय न्यूनतम मजदूरी से करीब 20 गुना तक भुगतान करती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, एआई कंपनी कार्या लोगों को उनकी मातृभाषा में बोलने के लिए प्रति घंटे पांच डॉलर यानी करीब 455 रुपये का भुगतान करती है. कुल मिलाकर सामान्य भाषा में कहें, तो लोगों को अपने स्थानीय भाषा के बारे में एआई को ट्रेन करना होता है.
कैसे होता है काम?
आमतौर पर लोगों से उनकी मातृभाषा में सरल वाक्य जोर से पढ़ने के लिए कहा जाता है. इसकी मदद से कंपनी को वाइस रिकॉर्डिंग और भाषा डेटा बनाने में मदद मिलती है. बाद में लोगों की ओर से मिले इस डेटा का इस्तेमाल एआई सिस्टम द्वारा भारतीय भाषाओं और उच्चारणों को बेहतर ढंग से समझने के लिए किया जाता है. जैसे ही एआई को एक बार प्रशिक्षित कर लिया जाता है. लोगों को चित्र दिखाए जाते हैं और उनसे अपनी भाषा में उनका वर्णन करने को कहा जाता है. इससे एआई को यह सीखने में मदद मिलती है कि लोग स्वाभाविक रूप से कैसे बोलते और चीजों को समझाते हैं. इसके बाद अगला स्टेप सबटाइटलिंग और उन्नत कार्यों का है. इस दौरान कार्या अपने मॉडल को उन्नत प्रशिक्षण देने के लिए प्रति घंटे 10 डॉलर (लगभग 910 रुपये) का भुगतान करती है.
यह भी पढ़ें: ड्रैगन की चाल AI ने कर दी नाकाम: अरुणाचल में चीन की ‘अभूतपूर्व’ हरकत पहले ही भांप गया भारत
कैसे एआई स्टार्टअप्स की मदद करता है कार्या?
चूंकि गूगल या माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों को अपने एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए भारी मात्रा में भाषा डेटा की आवश्यकता है. सामान्य तौर पर समझे, तो वे चाहते हैं कि उनका एआई हिंदी, तमिल या मराठी को बेहतर ढंग से समझे, तो उन्हें उन भाषाओं में हजारों घंटों के वास्तविक भाषण की आवश्यता होती है. ठीक इसी समय कार्या की भूमिका अहम होती है. यह ग्रामीण भारतीयों को जोड़ता है और उनसे वाक्य बोलने या बातचीत करने, चित्रों का वर्णन करने या अपनी मातृभाषा में भाषा संबंधी कार्य करने के लिए कहता है. इस भाषण और पाठ डेटा का उपयोग फिर एआई सिस्टम को प्रशिक्षित करने के लिए किया जाता है. मनु चोपड़ा का कहना है कि अगर आप समावेशी एआई बनाना चाहते हैं, तो आपको समुदायों को शामिल करना होगा. अंग्रेजी की तुलना में तमिल में एआई की स्थिति खराब होने का कारण यह है कि कम तमिल भाषी लोगों ने एआई मॉडल को प्रशिक्षित किया है और हमें यही बदलना होगा.
यह भी पढ़ें: पहले चीनी रोबोडॉग पर किरकिरी, अब गलगोटिया यूनिवर्सिटी के ड्रोन सॉकर पर भी विवाद; यूथ कांग्रेस ने बता दिया कोरियन
