News in Brief

21 December 2025 Weather Update: उत्तर भारत में आखिरकार गलन वाली ठंड का आगाज हो गया है. आज शनिवार को दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के तमाम शहर दिन में ठिठुरते रहे. ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते देखे गए. वहीं जो लोग काम-धंधे की वजह से बाहर निकले, वे भी मोटे कपड़ों से खुद को ढंके हुए थे. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि अब कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है और इसका असर अगले कई दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा. आइए आपको विस्तार से दिल्ली एनसीआर समेत देश के प्रमुख क्षेत्रों के 21 दिसंबर का मौसम अपडेट बताते हैं. 

सताएगा घने कोहरे और ठंड का प्रकोप

IMD के अनुसार, उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरा और ठंड का प्रकोप जारी है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में सुबह-शाम घने कोहरे की चेतावनी है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर ‘कोल्ड डे’ (cold day) की स्थिति बनी हुई है, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहने का अनुमान है. पंजाब में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. बाकी जगहों पर सूखी गला देने वाली ठंड पड़ेगी. 

Add Zee News as a Preferred Source

इन राज्यों में बर्फबारी बढ़ाएगी ठिठुरन

वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 21 दिसंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी बर्फबारी की संभावना है. यह बर्फबारी ऊपरी इलाकों में सड़क मार्ग को प्रभावित कर सकती है. साथ ही ऊंचे इलाकों में  हिमस्खलन का खतरा बढ़ा सकती है. मौसम विभाग ने पर्यटकों को सलाह दी है कि वे ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें.

फिलहाल बारिश की संभावना नहीं

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 21 दिसंबर को कुछ जगहों पर सुबह कोहरा रहेगा. हालांकि दिन निकलने के बाद मौसम साफ हो जाएगा. इस वक्त मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है. यह स्थिति आगे भी जारी रहेगी. रविवार को बिहार, पश्चिम बंगाल में भी कोहरे-ठंड का प्रकोप बना रहेगा. इस दौरान बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है.

दिल्ली एनसीआर का कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली- एनसीआर के मौसम की बात की जाए तो 21 दिसंबर को नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद  में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है. इस इलाके में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रहेगा. सड़क, रेल और हवाई यातायात में देरी हो सकती है.

वायु प्रदूषण से बढ़ सकती है दिक्कत

ठंड-कोहरे की वजह से न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. रविवार को हवा की गति कम रहेगी. इसके चलते कोहरा लंबे समय तक बना रह सकता है. ऐसे में सड़क पर संभलकर गाड़ी चलाएं. अगर प्रदूषण की बात करें तो 21 दिसंबर को हालात गंभीर रह सकते हैं. ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को घर के अंदर रहकर आराम करना चाहिए.