असम में विधानसभा चुनाव मार्च-अप्रैल में होने हैं. इससे पहले कांग्रेस ने धीरे से प्रियंका गांधी को असम विधानसभा चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी सौंप दी है. वह इस कमेटी की अध्यक्ष बनाई गई है. यही कमेटी कैंडिडेट को चुनेगी. असम में प्रियंका को भेजना दरअसल कांग्रेस की सोची समझी रणनीति का एक हिस्सा है. असम में भाजपा के पास हिमंता बिस्वा सरमा जैसा करिश्माई चेहरा है. ऐसे में हिमंता की लहर को रोकने के लिए तरुण गोगोई के साथ कांग्रेस का ‘हाथ’ मजबूत करना था. वैसे यूपी में प्रियंका का प्रभाव तो नहीं दिखा लेकिन इस बार यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय इशारा दे रहे हैं कि उनका असर और प्रभाव असम ही नहीं, यूपी, बंगाल और केरल में भी दिखेगा. ऐसे में यह समझना महत्वपूर्ण है कि क्या भाजपा के हिमंता ब्रांड को प्रियंका चोट पहुंचा पाएंगी?
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा+ को 75 और कांग्रेस+ को 50 सीटें मिली थीं. अंतर 25 सीटों का था. कांग्रेस इस बात से उत्साहित होगी कि वोट प्रतिशत में अंतर केवल 1.6 फीसदी का ही था. लेकिन पांच साल में असम की जमीन पर काफी कुछ बदल गया है. असम की राजनीतिक हलचल पर पैनी नजर रख रहे वरिष्ठ पत्रकार किशोर गोस्वामी कहते हैं कि अभी तो यहां बीजेपी ने जितना विकास किया है, और जो विकास दिख रहा है उसमें प्रियंका गांधी ही नहीं, किसी के लिए भी चुनौती दे पाना मुश्किल होगा. आगे वह कहते हैं कि भाजपा भी नहीं, लोगों की जुबान पर हिमंता बिस्वा सरमा का नाम है.
गोस्वामी कहते हैं कि वह सभी फील्ड में काम कर रहे हैं. अगर आप 5-10 साल पहले गुवाहाटी गए होंगे तो आज आपको काफी कुछ बदला दिखेगा. इससे पता चलता है कि विकास कहां और क्या हुआ है. आगे वह हिमंता की लोकप्रियता को समझाते हुए कहते हैं कि हिमंता जिधर होंगे, जनता उधर होगी- फिलहाल ऐसा ही माहौल दिख रहा है. लोगों को भरोसा है कि वह कांग्रेस में रहे, भाजपा में रहे, वह काम करेंगे. यही कारण है कि भ्रष्टाचार के आरोप लगे लेकिन उनकी साख बरकरार रही.
क्या प्रियंका के लिए मुश्किल होगी?
इस सवाल पर असमिया पत्रकार कहते हैं कि प्रियंका गांधी ही नहीं, हिमंता के सामने जो भी आएगा उसे मुश्किल आएगी. बीजेपी के विरोधी भी हैं. ऐसा नहीं है कि सभी भाजपा को पसंद करते हैं लेकिन लोगों को कांग्रेस में लीडर नहीं दिख रहा है जो हिमंता को टक्कर दे सके. गौरव गोगोई संसद में खूब बोलते हैं, लेकिन असम में उनकी टीम कमजोर है. कांग्रेस की टीम में युवाओं की भारी कमी दिखती है. अकेले गौरव गोगोई भाजपा को टक्कर नहीं दे सकते.
क्या गोगोई को मजबूत करेंगी प्रियंका?
इस सवाल पर वह कहते हैं कि हां, यह कांग्रेस की एक रणनीति हो सकती है. अभी खुलकर उन्हें प्रभारी भी नहीं कहा गया. अभी अगले कुछ हफ्ते में वह असम के माहौल को समझेंगी.
हिमंता ने क्या-क्या किया?
– असम आंदोलन में शहीद लोगों के लिए शहीद स्मारक बनाया गया. इससे लोगों में हिमंता की एक अलग छवि बनी.
– कम लोगों को याद होगा कि बिहार में नीतीश कुमार ने असम मॉडल को ही अपनाया था. इसके तहत महिला केंद्रित योजनाएं और आर्थिक मदद दी गई थी. अब चुनाव से पहले असम सरकार ने नए साल के पहले दिन राज्य की प्रत्येक अरुणोदय योजना की लाभार्थी को बिहू पर गिफ्ट के तौर पर 8-8 हजार रुपये देने की घोषणा की थी. फरवरी के तीसरे हफ्ते में सबको पैसे मिल जाएंगे. इसे बड़ा चुनावी दांव माना जा रहा है. तब तक चुनाव और नजदीक आ जाएगा.
– एक अन्य पत्रकार कहते हैं कि मोटे तौर पर असम में भाजपा की स्थिति मजबूत है. जुबिन गर्ग की मौत के बाद जो थोड़ी नाराजगी तो वो चुनाव आते-आते पूरी तरह दूर हो जाएगी.
– हिमंता सरकार ने राज्य में इंडस्ट्री लाने के काफी प्रयास किए हैं. मोबाइल फैक्ट्री का काफी प्रचार हो रहा है. टाटा की इंडस्ट्री लग रही है.
– नौकरीपेशा लोगों के लिए हिमंता सरकार ने स्टेट लेवल पर 8वें वेतन आयोग को लागू करने की घोषणा की है. इसके अलावा ब्रिज, ऑडीटोरियम बनाए गए हैं.
प्रियंका की पावर क्या है?
पिछले विधानसभा चुनाव में भी प्रियंका की परदे के पीछे से भूमिका थी. तब भूपेश बघेल वरिष्ठ पर्यवेक्षक थे. इस बार उनके साथ-साथ कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया गया है. प्रियंका की सबसे बड़ी चुनौती पार्टी को एकजुट बनाकर रखना है. कुछ हफ्ते पहले से ही अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि असम कांग्रेस के कुछ नेता चुनाव से पहले दूसरी पार्टी में जा सकते हैं. प्रियंका को आगे कर कांग्रेस एक बड़ा मैसेज भी दे रही है. हिमंता अक्सर गांधी परिवार पर हमले करते रहते हैं. ऐसे में प्रियंका की आक्रामक रणनीति के जरिए पार्टी को उम्मीद है कि हिमंता लहर टकराकर कमजोर हो सकती है.
