News in Brief

BMC Elections 2026: भारत की सबसे बड़ी और अमीर नगरपालिका का चुनाव राष्ट्रीय स्तर पर भी सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता है. इस साल 15 जनवरी को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) का चुनाव होना है. इस चुनाव पर पूरे देश की नजर है. 15 जनवरी को 227 वार्डों में BMC के चुनाव होंगे, जिसके लिए कुल 1700 उम्मीदवार मैदान में हैं. इस बीच राज्य चुनाव आयोग की ओर से अपलोड किए गए हलफनामों से पता चलता है कि मुंबई में होने वाले नगर निगम चुनावों में कई ऐसी प्रत्याशी भी हैं, जिनकी व्यक्तिगत संपत्ति में 2017 के बाद काफी बढ़ी है. 

किस उम्मीदवार ने कितनी संपत्ति घोषित की? 

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए डेटा से पता चलता है कि शिवसेना (UBT) उम्मीदवार के तौर पर लोअर परेल (वार्ड 199) से चुनाव लड़ रहीं मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने कुल 5.26 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. हालांकि, यह साल 2017 के 1.61 करोड़ रुपये से 226% अधिक है. साल 2019 से साल 2022 तक पेडनेकर ने मुंबई के मेयर के रूप में काम किया है. इस साल अपने चुनावी हलफनामें में उन्होंने 4.69 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 57 लाख रुपये की चल संपत्ति के बारे में बताया है. 

उधर, शिवसेना (शिंदे गुट) के समाधान सरवणकर की संपत्ति में भी काफी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है. सरवणकर ने अपने चुनावी हलफनामे में 46.59 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. वहीं, साल 2017 में उनकी संपत्ति 9.43 करोड़ रुपये थी. इतने सालों में सरवणकर की संपत्ति में कुल 394%  की वृद्धि देखने को मिली है. हलफनामे में 40.59 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति बताई गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

इन उम्मीदवारों की संपत्ति में भी बेतहाशा बढ़ोतरी

गौरतलब है कि माझगांव (वार्ड 209) से चुनाव लड़ रहीं पूर्व विधायक यामिनी जाधव ने 14.57 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. इसमें  11.28 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति भी शामिल है. बता दें कि साल 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान यामिनी जाधव ने  10.10 करोड़ रुपये की संपत्ति और 52 लाख रुपये का कर्ज घोषित किया था. जाधव की संपत्ति भी एक साल में बढ़ी है. 

अरुण गवली की बेटी के पास कितनी संपत्ति 

बताया जा रहा है कि गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली की बेटी गीता गवली, बायकुला-अग्रीपाड़ा इलाके से इस बीएससी चुनाव में उम्मीदवार हैं. गवली ने अपने चुनावी हलफनामे में 7.26 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है. यह साल 2019 में घोषित 3.38 करोड़ रुपये से दोगुनी से भी अधिक है. वहीं, उनकी बहन योगिता गवली भी इस बार चुनाव में पहली बार अपनी किस्मत आजमा रही हैं. उन्होंने अपनी संपत्ति 3.65 करोड़ रुपये घोषित की है. 

इतना ही नहीं, बीजेपी नेता किरीट सोमैया के बेटे और पूर्व पार्षद नील सोमैया की संपत्ति में 400% की बढ़ोतरी हुई है. साल 2017 में उन्होंने 1.99 करोड़ रुपये की संपत्ति का हलफनामा दायर किया था, लेकिन इस साल होने वाले चुनाव से पहले उनकी संपत्ति 9.89 करोड़ रुपये हो गई है. उनकी घोषणा में 5.72 करोड़ रुपये की चल और 4.16 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. वहीं, दूसरे बीजेपी नेताओं की बात करें, तो प्रभाकर शिंदे ने 17.63 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जो 2017 में 11.9 करोड़ रुपये से 48% अधिक है.

इसके अलावा दहिसर के वार्ड 2 से चुनाव लड़ रहीं, तेजस्विनी घोसालकर ने अपनी संपत्ति 5.15 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. बता दें कि वह हाल में ही शिवसेना (UBT) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई हैं. तेजस्विनी के पास 2017 में केवल 25.82 लाख रुपये की संपत्ति थी. उधर, कांग्रेस उम्मीदवार शीतल म्हात्रे ने इस साल अपनी कुल संपत्ति 4.27 करोड़ रुपये की बताई है. वह दहिसर के वार्ड 1 से चुनाव लड़ रही हैं. बताया जा रहा है कि पिछले नगर निगम चुनावों में उनकी संपत्ति 17.29 लाख रुपये थी. चुनाव लड़ रहे जिन नेताओं की संपत्ति बढ़ी है, उनमें पूर्व डिप्टी मेयर बाबूभाई भवनजी का भी नाम शामिल है. हालांकि, नामांकन के बाद उनका पर्चा खारिज कर दिया गया था, उन्होंने 31.44 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी, जो 2017 में 8.23 ​​लाख रुपये से अधिक थी. 

15 जनवरी को होने हैं बीएमसी चुनाव 

उल्लेखनीय है कि बीएमसी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पिछले साल 30 सितंबर को बी समाप्त हो गई थी. हालांकि, इसके बाद भी कई ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनकी डिटेल गत बुधवार तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पब्लिशन नहीं हुए थे. बता दें कि राज्य चुनाव आयोग ने उन उम्मीदवारों के भी डॉक्यूमेंट अपलोड किए हैं, जिन्होंने या तो चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था या फिर किसी त्रुटि के कारण उनका पर्चा खारिज हो गया. बीएमसी चुनावों के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होनी है. नतीजे इसके अगले दिन यानी 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे.  

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव से पहले कांग्रेस का फुल एक्शन मोड, बढ़ी गठबंधन मजबूत करने की रफ्तार; राहुल-प्रियंका जल्द करेंगे दौरा?