
Narinder Kaur Bharaj on BJP Operation Lotus: क्या बीजेपी पंजाब में 2027 में होने वाले असेंबली चुनाव के लिए ऑपरेशन लोटस चला रही है? यह सवाल पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज के सनसनीखेज आरोप के बाद खड़ा हो गया है. भराज का कहना है कि हरियाणा के सीएम ने उन्हें बीजेपी की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए सीक्रेट बैठक का प्रस्ताव भिजवाया. साथ ही ऑफर दिया कि अगर वे AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल हो जाती हैं तो 2027 के इलेक्शन में उन्हें संगरूर सीट से ही बीजेपी का टिकट दिया जाएगा.
संगरूर से टिकट देने का दिया ऑफर- भराज
संगरूर से पहली बार विधायक बनी नरिंदर कौर भराज ने कहा, ‘नायब सिंह सैनी ने मुझे कहा कि बीजेपी को पंजाब की सभी असेंबली सीटों पर लड़ने के लिए बेहतर उम्मीदवारों की जरूरत है. ऑफर दिया गया कि अगर मैं बीजेपी जॉइन कर लेती हूं तो संगरूर से टिकट देने के साथ ही सारी डिमांड भी पूरी की जाएंगी.’
‘बीजेपी की चालों के आगे नहीं झुकूंगी’
भराज ने कहा कि उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया. अपने पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान की तारीफ करते हुए भराज ने कहा, ‘आज मैं जो कुछ भी हूं वह AAP और क्षेत्र की जनता की वजह से हूं. इन्होंने ही मुझे पहचान दी और वोट देकर इलाके का विधायक बनाया. मैं बीजेपी की ऐसी ओछी चालों के आगे कभी नहीं झुकूंगी.’
‘पंजाब के बजाय हरियाणा की करें चिंता’
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी पर तंज कसते हुए भराज ने कहा कि उन्हें पंजाब की छोड़कर हरियाणा की चिंता करनी चाहिए. पंजाब का भला करने के लिए AAP सरकार काम कर रही है. पार्टी महासचिव और आप के मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पुन्नू भी विधायक भराज के दावों का समर्थन किया.
‘बीजेपी को चुनाव के लिए नहीं मिल रहे लोग’
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को चुनाव लड़ने के लिए लोग नहीं मिल रहे हैं. इसलिए वह आप में सेंधमारी की कोशिश में हैं. लेकिन पार्टी के विधायक संगठन के प्रति वफादार हैं, जिसके चलते बीजेपी की दाल नहीं गल रही है.

