गणतंत्र दिवस परेड 2026 समारोह के दौरान लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को तीसरी पंक्ति में बैठते हुए देखा गया. उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद थे. उनकी ये तस्वीर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है. कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को तीसरी पंक्ति में सीट देने पर केंद्र सरकार से नाराजगी जताई है. कांग्रेस नेताओं के मुताबिक कई सामान्य लोगों को भी राहुल गांधी से आगे की पंक्ति में बैठाया गया है. चूंकि राहुल गांधी लोकसभा में नेता विपक्ष हैं इस बात को लेकर राहुल गांधी को पीछे की पंक्ति में बैठाए जाने को लेकर कांग्रेस के भीतर नाराजगी देखने को मिली. पार्टी के कई नेताओं ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई और इसे नेता विपक्ष के पद की गरिमा से जुड़ा मामला बताया.
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की तीसरी पंक्ति में बैठने की एक फोटो को शेयर कर सरकार पर निशाना साधा है. इस फोटो के साथ सुरजेवाला ने लिखा कि क्या देश के विपक्ष के नेता के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी मर्यादा, परंपरा और प्रोटोकॉल के मापदंडों पर खरा उतरता है.
क्या देश के विपक्ष के नेता के साथ ऐसा व्यवहार किसी मर्यादा, परंपरा और प्रोटोकॉल के मापदंड पर खरा उतरता है ?
ये केवल हीन भावना से ग्रस्त सरकार की कुंठा दिखाता है ।
प्रजातंत्र में मतभेद रहेंगे मगर श्री @RahulGandhi के साथ किया जाने वाला ये व्यवहार अस्वीकार्य है। pic.twitter.com/b4mdU9BU7G
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) January 26, 2026
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि यह केवल हीन भावना से ग्रस्त सरकार की कुंठा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राहुल गांधी के साथ किया गया यह व्यवहार अस्वीकार्य है.
यह भी पढ़ेंः पहले गणतंत्र दिवस की प्लानिंग करने वाले अफसर कौन? आज भी IAS-IPS पढ़ते हैं उनकी किताब
