भाजपा बीएमसी में शिवसेना के करीब तीन दशक पुराने शासन को खत्म करने की तैयारी में जुटी है. 15 जनवरी को होने वाले चुनावों से ठीक पहले एक ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आता है जिससे भाजपा को अपनी रणनीति बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा है. हां, ठाकरे ब्रदर्स यानी शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे 20 साल बाद फिर से एक हो गए हैं. वो बात अलग है कि भाजपा ऐसा दिखा रही है जैसे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता जबकि सच्चाई कुछ और है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाकरे भाइयों के एक होने को तवज्जो नहीं दी. हालांकि भाजपा के कुछ अंदरूनी सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि पार्टी की कोर कमेटी शिवसेना (UBT) और मनसे गठबंधन से निपटने के लिए काउंटर रणनीति पर काम कर रही है. ठाकरे भाइयों ने मराठी मानुष के मुद्दे को उठाने का वादा किया है. ऐसे में भाजपा के लोग मान रहे हैं कि हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के मजबूत प्रदर्शन के बावजूद बीएमसी चुनाव आसान नहीं होंगे. हाल के चुनावों में भाजपा की अगुआई वाले महायुति ने 288 स्थानीय निकायों में से 207 पर जीत हासिल की जबकि कांग्रेस और शिवसेना (UBT) ने क्रमशः 28 और नौ सीटें जीतीं.
मराठी और मुस्लिम वोट बैंक
BJP के एक नेता ने कहा कि जब भी नए गठबंधन बनते हैं, तो उनका कुछ असर होना तय है. ठाकरे के फिर से साथ आने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा होगा उधर, मराठी और मुस्लिम वोट बैंक पर फोकस बढ़ेगा.
– मराठी भाषी ठाकरे का कोर सपोर्ट बेस माने जाते हैं. ये मुंबई की आबादी का लगभग 26% हैं.
– मुसलमानों की बात करें तो इनकी तादाद शहर की आबादी का लगभग 11% है. ये आमतौर पर BJP के खिलाफ वोट देते रहे हैं.
– भाजपा के लिए चिंता का कारण एक और है. हां, करीब 11% दलित आबादी का एक हिस्सा भाजपा के साथ नहीं माना जा रहा.
राज ठाकरे का फैक्टर
नवंबर 2024 के राज्य विधानसभा चुनावों में शिवसेना (UBT) को तगड़ा झटका लगा और मनसे अपने अस्तित्व के लिए लड़ती दिखी. अब उद्धव और राज मिलकर एक ऐसी राजनीतिक ताकत का निर्माण कर रहे हैं जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. विधानसभा चुनावों के वार्ड-वार ब्रेकअप से पता चलता है कि शहर के 227 BMC वार्डों में से 67 में (30% पर) MNS को जीत के अंतर से ज्यादा वोट मिले. कांग्रेस वाला विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी 39 वार्डों में आगे था, महायुति 28 वार्डों में आगे थी.
अगर शिवसेना (UBT) मनसे के साथ गठबंधन करती है तो यह न केवल इन 39 वार्डों में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है बल्कि उन वार्डों में भी जीत हासिल कर सकती है जहां सत्ताधारी गठबंधन आगे था. मनसे की ताकत वर्ली, दादर, माहिम, घाटकोपर, विक्रोली और दिंडोशी-मलाड तक फैले मराठी बेल्ट में है, जहां उसके उम्मीदवारों को MVA उम्मीदवारों द्वारा हासिल किए गए वोटों का एक-तिहाई से आधा वोट मिला.
मनसे की पावर
MNS ने 123 वार्डों को प्रभावित किया था. भले ही उसका वोट शेयर कम हो (2024 के विधानसभा चुनावों में 25 सीटों से 4%) पर यह मुंबई के राजनीतिक भूगोल में उसके दबदबे को दिखाता है. उद्धव के लिए यह गणित एक ऐसी रणनीति में तब्दील हो सकता है जहां कुछ सौ वोट भी एक वार्ड का फैसला कर सकते हैं, भले ही MNS विधानसभा और लोकसभा चुनावों में इतना बड़ा फैक्टर न हो. उनके वोट बैंक ओवरलैप होते हैं, ऐसे में MNS के साथ गठबंधन वोटों के ट्रांसफर को सुनिश्चित कर सकता है. इससे बिखरे हुए मराठी मतदाताओं को एक साथ लाया जा सकता है.
ठाकरे का गठबंधन भाजपा को अपने सहयोगी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना पर ज्यादा निर्भर रहने के लिए मजबूर कर सकता है, खासकर BMC, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नासिक, पुणे और नवी मुंबई जैसे नगर निगमों में, जहां मराठी बोलने वाली आबादी ज्यादा है. उद्धव और राज भले ही अलग-अलग पार्टियों का नेतृत्व करते हों और गैर-मराठी बोलने वालों तक पहुंचने की कोशिश करते दिखते हों पर अपनी राजनीति के केंद्र में मराठी मानुष को ही रखते हैं. यह वही मुद्दा है जिसका इस्तेमाल बाल ठाकरे ने 1966 में शिवसेना की स्थापना के लिए किया था.
कांग्रेस खिलाफ क्यों हैं?
हां, यह ‘भरत मिलाप’ कांग्रेस को अच्छा नहीं लग रहा है. कांग्रेस के नेता मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे को कट्टर हिंदुत्व के चेहरे के तौर पर गठबंधन में शामिल करने के पक्ष में नहीं थे. महाराष्ट्र चुनाव के बाद से कांग्रेस अलग लाइन पर चलने लगी थी. अब वह BMC चुनाव अकेले लड़ने जा रही है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन की मानें तो पार्टी की राजनीति समावेशी और सबको साथ लेकर चलने वाली है इसलिए, कोई भी संगठन जो अपनी राजनीति जाति, समुदाय या धर्म के इर्द-गिर्द करता है, वह वैचारिक रूप से हमें स्वीकार्य नहीं हो सकता. हम ठाकरे भाइयों के फिर से मिलने पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन निगम चुनावों में हमारी फाइट भाजपा से है.
अपने चचेरे भाई को शिवसेना का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से नाराज होकर राज ठाकरे 20 साल पहले पार्टी से निकल गए थे. 2006 में उन्होंने मनसे बनाई. अपने पहले विधानसभा चुनाव में तीन साल बाद MNS ने 143 सीटों में से 13 सीटें जीतीं. उसे 5.71% वोट मिले थे. 2014 में मनसे की सीटों की संख्या घटकर एक रह गई और उसका वोट शेयर भी गिरकर 3.15% हो गया.
पांच साल बाद मनसे की सीटों की संख्या एक ही रही और उसका वोट शेयर और गिरकर 2.25% हो गया. पिछले साल के विधानसभा चुनावों में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली और उसे सिर्फ 1.55% वोट मिले जबकि राज के बेटे अमित ठाकरे भी माहिम से चुनाव हार गए. मनसे का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2012 के नगर निगम चुनावों में हुआ था जहां उसने 227 सदस्यों वाली बीएमसी में 27 सीटें जीती थीं, लेकिन पांच साल बाद उसकी सीटों की संख्या घटकर सिर्फ सात रह गई.
महाराष्ट्र की राजनीति को समझने वाले जानते हैं कि चुनावों में लगातार खराब प्रदर्शन के बावजूद राज ठाकरे एक नेता के तौर पर करिश्मा कायम रखे हुए हैं. सही गठबंधन चुनने की उनकी काबिलियत ने उनकी पार्टी को प्रासंगिक बनाए रखने में मदद की. हालांकि विरोधी उन्हें ‘वोट काटने वाला’ ही मानते थे.
