News in Brief

Crime News: बेंगलुरु में दर्दनाक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, जहां पर एक महिला ने पति से फोन पर झगड़े के बाद खुद को और अपनी बेटी को आग लगा दी. घटना में महिला की रात को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई तो वहीं उसकी बेटी ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है. 

घटना बृहस्पतिवार को कृष्णाप्पानगर में स्थित संजय नगर की बताई जा रही है, जहां पर रहने वाली 29 वर्षीय सीतालक्ष्मी ने अपने पति से फोन पर लड़ाई के बाद केरोसिन डालकर खुद को और अपनी 4 वर्षीय बेटी सृष्टि को आग के हवाले कर दिया. पुलिस के अनुसार, मोहल्ले के लोगों ने 7 बजे के करीब खिड़की से सृष्टि के चिल्लाने की आवाज सुनी जब सीतालक्ष्मी ने आग लगाई. इसके बाद लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर दोनों को पास के विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती करवाया. 

क्यों उठाया कदम?
शुरुआती जांच में सामने आया कि सीतालक्ष्मी और उनके पति गोविंद बहादुर के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था. गोविंद कुछ ही दिन पहले अपने 6 साल के बेटे के साथ नेपाल चला गया था. गोविंद अपनी पत्नी के साथ 7 साल पहले बेंगलुरु आया था और वो यहां पर सिक्योरिटी गार्ड के साथ-साथ दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता था. पति पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे, जिसके कारण कुछ महीने पहले गोविंद अपने बेटे को लेकर नेपाल चला गया था. जिसके बाद सीतालक्ष्मी ने कई बार उससे वापस लौट आने की अपील की थी लेकिन उसने सीतालक्ष्मी को ही नेपाल आने के लिए कहा. हादसे से पहले पति और पत्नी के बीच फिर से फोन पर बहस हुई और सीतालक्ष्मी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया.

Add Zee News as a Preferred Source

प्रेमी ने किया शादी से इंकार
वहीं बेंगलुरु के रामनगर में महिला पुलिस थाने के बाहर एक 22 वर्षीय महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी. प्रेमी की तरफ से शादी से इंकार करने के बाद महिला ने नींद की गोलियां खाकर सुसाइड करने की कोशिश की, जिसको समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया और उसकी जान बच गई. इस प्रयास से पहले महिला ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने अरुण नायक नाम के युवक पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया. पुलिस के अनुसार महिला और युवक के बीच पिछले 18 महीनों से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच शादी को लेकर वादा भी किया गया था. जिसके चलते दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी थे, लेकिन युवक ने कुछ समय से अचानक महिला से दूरी बना ली थी. जिसके बाद उसने युवक और उसके परिवार से संपर्क करने कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाई. 

यह भी पढ़ें: पत्नी ने खुद को लगाई आग, बचाने की बजाय दर्दनाक हादसे का वीडियो बनाता रहा पति