News in Brief

Assam CM Himanta Biswa Sarma: चुनावी राज्य असम में सीएम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 1,694 सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया. नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम गुवाहाटी के ज्योति-बिष्णु सभागार में आयोजित किया गया था. अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद सीएम सरमा ने लोगों को संबोधित किया और अभिभावकों से एक खास आग्रह किया, जिसको सुनकर लोग हंसने लगे. 

दरअसल, हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि बेरोजगार लोगों के लिए शादी न करने के बारे में सोचना ठीक है, लेकिन नियुक्ति पाने वालों को छह महीने के भीतर शादी कर लेनी चाहिए. कहा कि मैं यहां उपस्थित अभिभावकों से यह आग्रह करना चाहता हूं कि वे किसी भी तरीके से छह महीने के भीतर अपने बच्चों के लिए शादी की व्यवस्था करा लें. सीएम ने कहा कि शादी न करने का चलन हमारी जनता को संख्यात्मक रूप से कमजोर बना रहा है.

देर से शादी करने वालों क्या कहा? 

Add Zee News as a Preferred Source

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा जीवन का एक सबक साझा करते हुए कहा कि देर से शादी करने के कारण हमारे समुदाय के लोगों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है; वे पाते हैं कि उनके बच्चे उनके सेवानिवृत्ति के समय भी कॉलेज में पढ़ रहे होते हैं. इतना ही नहीं सीएम सरमा ने असमिया समुदाय से 30 वर्ष की आयु के बाद शादी करने की मानसिकता से बाहर निकलने का आग्रह किया.

‘कई समुदाय के लोग 12 बच्चे भी पैदा कर रहे’

सीएम सरमा ने कहा कि देश के कुछ समुदाय ऐसे हैं, जिनके परिवार में एक शख्स के 12-12 बच्चे पैदा हो रहे हैं और हमारे असमिया समुदाय में एक भी बच्चा पैदा नहीं होता. सीएम ने इस दौरान वहां पर मौजूद लोगों से पूछा कि अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो आने वाले समय में यहां स्थापित होने वाले सेमी-कंडक्टर उद्योगों में कौन काम करेगा? अगर हमारे बच्चे नहीं होंगे, तो हमारे धर्म की नेतृत्व कौन करेगा. यह सब जनसंख्या विज्ञान से जुड़ा हुआ है. 

गौरतलब है कि सीएम हिमंता बिस्वा सरमा इससे पहले असम में सांख्यिकी में तेजी से हो रहे बदलाव को लेकर कई बार चिंता जता चुके हैं.  उन्होंने यहां तक कह दिया था कि असम की मूल आबादी को घटते परिदृश्य और अपनी ही भूमि में संभावित हाशिए पर धकेल दिए जाने का सामना करना पड़ रहा है. 

यह भी पढ़ें: ‘गोरी चमड़ी वाला कौन होता है फैसला लेने वाला….’, संसद में ट्रंप के बयान पर खूब बरसे ओवैसी

‘पांच साल में 1.5 लाख लोगों को मिली सरकारी नौकरी’

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि गत पांच सालों में असम सरकार ने 1,58,373 लोगों की भर्ती की है. पिछले पांच वर्षों में भर्ती किए गए इंजीनियरों की संख्या पहले कभी नहीं देखी गई. असम में अभी भी इंजीनियरों की कमी है. चुनाव तिथि की घोषणा से पहले और नियुक्तियां की जाएंगी.

यह भी पढ़ें: ट्रेड डील ने बढ़ाई सेब उत्पादकों की चिंता, US सेबों की कीमत गिरने पर हो सकता है बड़ा घाटा; CM ने सौदे को कहा ‘सेलाउट’