News in Brief

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के 20 जिलों को छोड़कर प्रदेश में कर्फ्यू में ढील दी गई है. 1 जून से कोरोना कर्फ्यू में ढील रहेगी. शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा. शनिवार और रविवार को पूरे यूपी में साप्ताहिक बंदी रहेगी. निजी कंपनियों के कार्यालय भी खुलेंगे, सभी सरकारी दफ्तर 50% उपस्थिति के साथ खुलेंगे. इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान अभी बंद रहेंगे. रेस्टोरेंट से अभी होम डिलीवरी ही होगी. हाईवे के किनारे ढाबे खुलेंगे मॉल, सिनेमाघर, क्लब ये सब बंद रहेंगे.

कम संक्रमण वाले जिलों में छूट

बता दें, कुछ राज्‍य सरकारों ने कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन को जून के पहले और दूसरे हफ्ते तक के लिए बढ़ा दिया है. वहीं कुछ राज्‍य जून महीने की पहली तारीख से कोविड प्रतिबंधों में ढील देने की तैयारी कर रहे हैं. यूपी (UP) में सरकार ने बड़ा फैसला करते हुए कम संक्रमण वाले जिलों को छूट देने की बात कही है. छूट को लेकर मुख्‍य सचिव ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. वहीं हरियाणा के मुख्‍मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्‍य में 7 जून तक लॉकडाउन जारी रखने के आदेश दे दिए हैं. 

शिक्षण संस्‍थान रहेंगे बंद

हरियाणा में सीएम खट्टर ने घोषणा की है कि अगले 7 दिनों तक यहां ऑड-इवन फॉर्मूले के तहत दुकानें खुलेंगी. शिक्षण संस्‍थान 15 जून तक बंद रहेंगे. साथ ही राज्‍य में रात के 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा. इसके अलावा कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अपने माता-पिता (दोनों या माता-पिता में से कोई एक) को खो चुके बच्‍चों को राज्‍य सरकार मुख्‍यमंत्री बाल सेवा योजना के जरिए आर्थिक मदद देगी. इस योजना के तहत 18 साल से कम उम्र के बच्‍चों और किशोरों को मदद दी जाएगी. 

व्यापारी संगठन ने की थी मांग

बता दें, उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक जून से लॉकडाउन के दौरान राज्य में दुकानों और बाजारों को खोलने का समय बढ़ाने का अनुरोध किया था. उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रवि कांत गर्ग ने कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर की रोकथाम के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री से यह अनुरोध किया. गर्ग ने कहा कि बाजार के खुलने का समय बढ़ाने से व्यापारियों को घाटे से उबरने में कुछ हद तक सहायता मिलेगी.