

Four AIMIM MLAs Join RJD: बिहार (Bihar) में असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) को बड़ा झटका लगा है. ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) के राज्य में 5 में से 4 विधायकों ने पाला बदल लिया है और वो राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो गए हैं. ये चार विधायक बिहार के सीमांचल इलाके के कोचाधामन से विधायक मोहम्मद इजहर आसफी, जोकीहाट से शाहनवाज आलम, बयासी के सैयद रुकनुद्दीन और बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के अजहर नईमी हैं.
AIMIM के पास इकलौते विधायक बचे अख्तरुल इमाम
बता दें कि इसके साथ ही आरजेडी 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में 80 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, जिसने 77 विधायकों वाली बीजेपी को पछाड़ दिया है. तेजस्वी यादव, चारों विधायकों के साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा से मिलने भी पहुंचे. इसके साथ ही एआईएमआईएम के पास केवल एक विधायक अख्तरुल इमाम रह गए हैं, जो विधानसभा में पार्टी के नेता भी हैं.
आरजेडी में एआईएमआईएम के विधायकों का विलय अहम क्यों?
गौरतलब है कि एआईएमआईएम के विधायकों का आरजेडी में विलय इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके साथ ही लेफ्ट पार्टियों के 16 विधायकों के साथ पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की ताकत 96 तक पहुंच गई है. जबकि, कांग्रेस बिहार में महागठबंधन से बाहर है, अगर पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में आती है तो वह आरजेडी का समर्थन कर सकती है. अगर कांग्रेस के 19 विधायकों को भी शामिल कर लिया जाए, तो संख्या- बहुमत से सिर्फ 7 कम, 115 तक पहुंच जाएगी.
अख्तरुल इमाम ने लगाया था ये आरोप
बता दें कि एआईएमआईएम के चार पूर्व विधायक आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे. इस महीने की शुरुआत में, अख्तरुल इमाम ने कहा था कि उनकी पार्टी के सदस्यों से 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद से बड़ी पार्टियों द्वारा संपर्क किया जा रहा था, लेकिन वे वफादार रहे. हालांकि, एआईएमआईएम के अधिकांश विधायक अपने भविष्य को लेकर आशंकित थे, हाल के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए, जहां उन्होंने 90 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी जीतने में विफल रही.
ये भी पढ़ें- उदयपुर हत्याकांड पर गहलोत के मंत्री ने कहा-मैं मौके पर होता तो आरोपियों को ठोक देता
ये भी पढ़ें- उदयपुर दर्जी हत्याकांड का निकला आतंकी कनेक्शन, आरोपी ने पाकिस्तान में ली थी ट्रेनिंग
LIVE TV

