News in Brief

BMC Elections: बीएमसी चुनावों से पहले महाविकास अघाड़ी में फूट दिख रही है. सब अपनी-अपनी ढपली अपना-अपना राग अलाप रहे हैं. ठाकरे ब्रदर्स के एक होने के बाद अघाड़ी में खटपट की खबरें हैं. मुंबई के बीएमसी चुनावों में ठाकरे बंधुओं (उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे) को मराठी-मुस्लिम समीकरण से जीत की आस है. उद्वव-राज का साथ आना कांग्रेस को अखर रहा है. इस बीच कांग्रेस ने शनिवार को बृहन्मुंबई नगर निगम यानी BMC चुनाव अकेले लड़ने का एलान किया है. इस फैसले की पुष्टि पार्टी नेता रमेश चेन्निथला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए की है. चेन्निथला ने कहा, ‘हम BMC चुनावों के लिए तैयार हैं.’

शिवसेना यूबीटी के लिए मुबंई क्यों जरूरी?

शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई यानी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के बीच बढ़ती नजदीकी ये बताती है कि दोनों चचेरे भाई अब इस बात पर सहमत दिखते हैं कि अगर मुंबई में बीएमसी की पकड़ खो गई तो ठाकरे फैमिली की राजनीतिक विरासत काफी कमजोर पड़ जाएगी. उद्धव ठाकरे के लिए BMC पर नियंत्रण हासिल करना 2022 में शिवसेना में टूट के बाद राजनीतिक प्रासंगिकता को फिर से स्थापित करने का आखिरी बड़ा मौका हो सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

वहीं राज ठाकरे के लिए, इस चुनाव को मराठी पहचान की रक्षा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें MNS खुद को महाराष्ट्र की भाषाई और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षक के रूप में पेश कर रही है. हालांकि अभी तक दोनों दलों ने कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि शिवसेना (UBT) और मनसे MNS अगले हफ्ते BMC चुनावों के लिए अपने गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं.

एनसीपी के मन में क्या चल रहा है?

बीएमसी चुनाव के लिए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे गठबंधन में चुनाव लड़ने जा रहे हैं. इन दोनों के बीच तीसरे साथी की एंट्री की भी संभावना जताई जा रही है. जानकारी सामने आई है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) ठाकरे बंधुओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की इच्छुक है. सिल्वर ओक में राष्ट्रवादी शरदचंद्र पवार पार्टी की ओर से मुंबई महानगरपालिका चुनाव की रणनीति तय करने के लिए एक बैठक हुई थी. जिसमें पार्टी की मुंबई अध्यक्ष राखी जाधव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय रखी. राखी जाधव ने बताया कि कार्यकर्ताओं का मानना है कि मुंबई का चुनाव महाविकास अघाड़ी के बैनर पर लड़ाना चाहिए.

राष्ट्रवादी शरद पवार पार्टी के सामने फिलहाल दो विकल्प हैं. पहला- उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के साथ गठबंधन करना.  दूसरे विकल्प में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मोर्चा बना सकती है. कांग्रेस ने काफी समय पहले राष्ट्रवादी के सामने प्रस्ताव रखा था, लेकिन शरद पवार ने कांग्रेस नेताओं की बात तो सुनी, लेकिन उनके प्रस्ताव पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. माना जा रहा है कि शरद पवार मुंबई की सियासी हवा का आकलन कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने दोनों विकल्प खुले रखे हैं. दूसरी ओर मनसे यानी राज ठाकरे की पार्टी ने भी शरद पवार के साथ आने को लेकर खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है. मनसे नेताओं के बयानों से संकेत मिलता है कि अगर शरद पवार ठाकरे गठबंधन में शामिल होते हैं, तो वे उद्धव ठाकरे के कोटे से चुनाव लड़ेंगे.

2026 में मतदान

साल 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में MVA को एक बड़ा झटका लगा, जिसमें उसे BJP की अगुवाई वाले महायुति गठबंधन से भारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसने शानदार जीत हासिल की. ​​आपको बताते चलें कि BMC के 29 नगर निगमों, 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के लिए 15 जनवरी, 2026 को मतदान होगा. वहीं बीएमसी चुनावों के नतीजे अगले दिन 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें- घेरकर पीटा, पेड़ से बांधकर आग लगाई, फिर जले धड़ और सिर को बाहर बांध दिया… बांग्लादेश में दीपू दास के पिता का दर्द सुनकर फट जाएगा कलेजा!