News in Brief

Rane vs Rane Politics in Sindhudurg Elections 2025: महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है. गठबंधन 200 से अधिक सीटों पर आगे चल रहा है. माना जा रहा है कि राज्य विधानसभा चुनावों के नतीजों की तरह गठबंधन राज्य में एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करेगा. 

सिंधुदुर्ग जिले में राणे बनाम राणे की जंग!

हालांकि सिंधुदुर्ग जिले में यह गठबंधन एकजुट नहीं रहा. वहां पर राणे बंधु यानी निलेश राणे और नितेश राणे ने एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतार दिए. कणकवली नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए हुए इस चुनाव में शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक निलेश राणे बाजी मार ले गए. वे अपने समर्थित शहर विकास आघाड़ी (SVA) को उम्मीदवार को जिताने में कामयाब रहे. 

Add Zee News as a Preferred Source

कणकवली नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए SVA ने संदेश पारकर को अपना उम्मीदवार बनाया था. उन्हें निलेश राणे ने अपना समर्थन दिया था. जबकि उनके सगे भाई नितेश राणे ने इस पद के लिए समीर नलावडे को अपना सपोर्ट दिया था. 

हार के बाद भी महायुति नेता खुश!

नितेश राणे के नेतृत्व में भाजपा ने कणकवली में आठ सीटें जीतीं. हालांकि आंतरिक कलह की वजह से अध्यक्ष पद गंवाना पड़ा. इस पद पर शिवसेना शिंदे समर्थित संदेश पारकर चुनाव जीतने में कामयाब रहे. इस हार के बावजूद महायुति गठबंधन में खुशी रही क्योंकि शिवसेना शिंदे ग्रुप भी इसी अलायंस का हिस्सा है. 

निलेश राणे ने इस जीत पर संदेश पारकर और महायुति गठबंधन को बधाई दी. निलेश ने कहा कि मतदाताओं ने उनकी नेतृत्व और विजन पर भरोसा जताया है. उन्होंने सफाई दी कि कि गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है.

निलेश राणे ने जीत पर क्या दी सफाई?

मीडिया से बात करते हुए निलेश ने कहा, मतदाताओं ने हमारा साथ दिया और कणकवली व मालवण में जीत दिलाई. इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं. लेकिन अब चुनाव खत्म हो चुके हैं, इसलिए महायुति में आंतरिक लड़ाई की बात नहीं करना चाहते.

उधर चुनाव से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस स्थिति पर असहजता जताई थी. उन्होंने कहा था कि राणे बनाम राणे की स्थिति अच्छी नहीं है. चुनाव खत्म होने के बाद सभी को इस पर आत्ममंथन करना चाहिए.

अच्छा व्यवहार करने वाले नेताओं के साथ- फडणवीस

सूत्रों के मुताबिक, तब फडणवीस ने पार्टी नेताओं तक अपनी नाराजगी का स्पष्ट संदेश पहुंचाया था. उन्होंने कहा था, जो अच्छा व्यवहार करता है, उसके पीछे खड़ा हूं. अगर कोई गलत है तो मैं उसके साथ खड़ा नहीं रहूंगा. फिर भले ही वह अपनी पार्टी का ही क्यों न हो.