News in Brief

Rahul Gandhi Berlin Remarks: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जर्मनी के बर्लिन शहर में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय चुनाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भारत में संस्थाओं पर बड़ा हमला हो रहा है. 2024 के हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव सही तरीके से नहीं हुए. राहुल गांधी ने यह बातें बर्लिन में स्थित Hertie School में एक कार्यक्रम के दौरान कहीं. कार्यक्रम का विषय था, पॉलिटिक्स इज द आर्ट ऑफ लिसनिंग. उन्होंने यहां वोट चोरी का आरोप दोहराया और कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर की जा रही है.

समाजवादी पार्टी ने बनाई दूरी
राहुल गांधी के इस बयान से उनकी सहयोगी पार्टी समाजवादी पार्टी ने खुद को अलग कर लिया है. पार्टी के सांसद राजीव कुमार राय ने कहा कि देश और दुनिया से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा जरूरी है. उन्हें विदेश में उठाना ठीक नहीं है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर उन्हें कुछ कहना होता तो वे घर की बात घर में ही रखते. उनका कहना था कि आत्ममंथन जरूरी है. देश की छवि का भी ध्यान रखना चाहिए.

बीजेपी का तीखा हमला
राहुल गांधी के बयान पर BJP ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं भारत के खिलाफ बयान देते हैं. उन्होंने कहा कि भारत में विपक्ष को पूरी आजादी है, फिर भी राहुल गांधी विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं. यह बेहद शर्मनाक है.

Add Zee News as a Preferred Source

जेडीयू ने भी उठाए सवाल
JD(U) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने राहुल गांधी के रवैये पर सवाल उठाया. संसद सत्र के दौरान विदेश में जाकर बयान देना देश की जनता के लिए कोई मायने नहीं रखता. वहीं जेडीयू के एक अन्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी मेहनत या काबिलियत के दम पर नहीं, बल्कि परिवार की वजह से कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी चुनाव जीतने पर ईवीएम पर सवाल नहीं उठाते. हारने पर उसी पर उंगली उठाते हैं.

राहुल गांधी का पक्ष
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता Election Commission of India के सामने रखी थी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश की कई संस्थाओं का गलत इस्तेमाल हो रहा है. उन्होंने CBI और ED का नाम लेते हुए कहा कि इनका राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है.

चीन और रोजगार पर भी बोले राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिमी देशों और भारत ने उत्पादन का काम चीन को सौंप दिया है. इससे रोजगार पैदा करना मुश्किल हो गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक उत्पादन मजबूत नहीं होगा, तब तक लोकतंत्र को भी खतरा बना रहेगा. उनका कहना था कि भारत, अमेरिका और यूरोप को मिलकर नए उत्पादन मॉडल पर काम करना चाहिए ताकि लोगों को रोजगार मिल सके.

यह भी पढ़ें: विदेशी आकाओं की तालियां बटोरने के लिए भारत-विरोधी कैंपेन चला रहे राहुल गांधी, BJP ने साधा निशाना