CPI(M) MP Criticizes Priyanka Gandhi Tea Meeting with PM Modi: संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होते ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की चाय पार्टी में प्रियंका गांधी और पीएम मोदी के साथ बैठकर चाय पीने की तस्वीरें वायरल हो गईं. इस दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की बातें भी हुईं, लेकिन ये नजारा INDIA गठबंधन के सहयोगी CPM को बिल्कुल नहीं भाया है. कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के MP जॉन ब्रिटास ने मंगलवार को कांग्रेस MP प्रियंका गांधी के संसद के विंटर सेशन के खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत BJP नेताओं के साथ चाय पार्टी में शामिल होने पर चिंता जताई है.
क्या बोले जॉन ब्रिटास?
CPM के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने ANI से बात करते हुए साफ कहा, “हमारे जैसे लोगों के लिए ये चिंता की बात है. प्रियंका गांधी का पीएम के साथ चाय पीना अच्छा नजारा नहीं था. हम तो छोटे मुद्दों पर भी ऐसी पार्टी बॉयकॉट कर देते थे.” उन्होंने आगे कहा, “मनरेगा को बुलडोज करने के कुछ घंटे बाद ये दोस्ताना गलत संदेश देता है. उनकी पार्टी ऐसी दोस्ती को सपोर्ट नहीं करती, जो विपक्ष की एकता और गरीबों के हितों के खिलाफ हो.” ब्रिटास ने इसे ‘दुखद’ और ‘गलत मैसेज’ बताया.
मनरेगा में क्या बदलाव हुआ?
इस सत्र में सरकार ने मनरेगा की जगह नया कानून VB-G RAM G बिल पास किया. इसमें गांधी जी का नाम हटाकर राम जोड़ा गया और रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए. विपक्ष का कहना है कि ये गांधी जी के विचारों पर हमला है और गरीबों को कमजोर करेगा. प्रियंका ने खुद सदन में इसका विरोध किया था, लेकिन चाय पार्टी में जाना CPM को नहीं भाया.
कांग्रेस का क्या कहना है?
अभी तक कांग्रेस या प्रियंका गांधी की तरफ से इस आलोचना पर कोई सीधा जवाब नहीं आया है. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि ये संसदीय परंपरा है, जहां सत्र के बाद तनाव कम करने के लिए सभी मिलते हैं. लेकिन CPM जैसे छोटे दल इसे ideological कमजोरी बता रहे हैं.
INDIA ब्लॉक टूटने की कगार पर?
ये घटना INDIA गठबंधन में खटास दिखा रही है. CPM पहले भी राहुल गांधी की जर्मनी ट्रिप पर सवाल उठा चुका है. ब्रिटास ने कहा कि विपक्ष को एकजुट रहना चाहिए, ऐसी दोस्ती से गलत सिग्नल जाता है. फिलहाल ब्लॉक टूटने की बात दूर की कौड़ी है, लेकिन छोटे दलों में नाराजगी जरूर बढ़ी है. देखते हैं आगे कांग्रेस कैसे हैंडल करती है.
