News in Brief

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी जनता उन्नयन पार्टी (JUP) के गठन के ठीक एक दिन बाद बड़ा फेरबदल किया. उन्होंने दक्षिण कोलकाता की बालिगंज विधानसभा सीट से घोषित उम्मीदवार निशा चटर्जी का नाम अचानक वापस ले लिया. यह फैसला 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले आया है, जिसने सियासी गलियारों में जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है.

निशा चटर्जी  का एक दिन में बदला उम्मीदवारी
हुमायूं कबीर ने 22 दिसंबर 2025 को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में JUP का औपचारिक गठन किया. इसी मौके पर उन्होंने आठ से दस सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, जिनमें बालिगंज से निशा चटर्जी का नाम भी शामिल था. कबीर ने पार्टी को धर्मनिरपेक्ष दिखाने के लिए कुछ हिंदू उम्मीदवारों के नाम भी जोड़े थे. हालांकि, अगले ही दिन (23 दिसंबर) बालिगंज सीट से निशा चटर्जी का नाम वापस ले लिया गया.

निशा चटर्जी को क्यों हटाया गया,  हुमायूं कबीर ने क्या बताया?
कबीर ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि निशा चटर्जी की सोशल मीडिया पर मौजूद तस्वीरें और रील्स (जिनमें वे रिवीलिंग कपड़ों में नजर आ रही हैं) पार्टी की छवि और विधानसभा जैसे पवित्र स्थान के लिए अनुपयुक्त हैं. उन्होंने कहा, “मैंने निशा की कुछ तस्वीरें और सोशल मीडिया रील्स देखीं. उन्हें देखकर लगा कि वे हमारी पार्टी की उम्मीदवार नहीं हो सकतीं. इससे लोगों के बीच गलत संदेश जाएगा.”कबीर ने यह भी संकेत दिया कि बालिगंज सीट से नई उम्मीदवार एक महिला होगी और मुस्लिम समुदाय से आ सकती है. उन्होंने कहा कि नई घोषणा सात दिनों के अंदर की जाएगी. यह कदम पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा लगता है, खासकर अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में वोट बैंक मजबूत करने की दृष्टि से.

Add Zee News as a Preferred Source

निशा चटर्जी के गंभीर आरोप-हिंदू होने की वजह से हुआ भेदभाव
दूसरी ओर, निशा चटर्जी ने इस फैसले को धार्मिक भेदभाव से जोड़ते हुए कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें सिर्फ हिंदू होने की वजह से हटाया गया. निशा ने कहा, “अचानक मेरे वीडियो और तस्वीरों को बहाना बनाया जा रहा है. हुमायूं ‘काकू’ ने खुद मुझे चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित किया था. मैं उनकी बाबरी मस्जिद योजना का पूरा समर्थन कर रही थी, फिर भी मेरे साथ ऐसा सलूक किया गया.”

निशा आगे कानून का ले सकती हैं सहारा!
निशा ने आगे कहा, “अगर उनकी पार्टी वास्तव में धर्मनिरपेक्ष है, तो हिंदू होने की वजह से ऐसा क्यों हुआ? इस घटना से मुझे सामाजिक शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है.” उन्होंने आगे कानूनी कार्रवाई पर विचार करने की बात कही है.

राजनीतिक प्रभाव और आगे की संभावनाएं
यह विवाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी, अल्पसंख्यक वोट बैंक और धर्मनिरपेक्षता के दावों पर बड़े सवाल उठा रहा है. JUP को शुरू में व्यापक अपील देने की कोशिश की गई थी, लेकिन यह बदलाव पार्टी की मुस्लिम-केंद्रित छवि को और मजबूत कर सकता है. मुर्शिदाबाद जैसे अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में वोट विभाजन की आशंका बढ़ गई है, जो TMC और अन्य दलों के लिए चुनौती बन सकती है. फिलहाल नई उम्मीदवार की घोषणा बाकी है, जिससे और हलचल मचने की संभावना है. 2026 के चुनावों से पहले यह घटना राज्य की सियासत को नया मोड़ दे सकती है.