News in Brief

Uttar Bhartiyon Batoge to Pitoge: महाराष्ट्र में बीएमसी चुनाव से पहले सियासी पारा हाई हो गया है. एक तरफ जहां ठाकरे भाइयों ने 20 वर्षों के मनमुटाव को खत्म करते हुए आज इकट्ठे हो गए हैं. इसी बीच पोस्टर वार भी शुरू हो गया है. मुंबई में कुछ जगहों पर ‘उत्तर भारतीय बटोगे तो पिटोगे’ के पोस्टर लगे हैं. बताया जा रहा है कि ये पोस्टर सुनील शुक्ला ने लगाया है जो उत्तर भारतीय विकास सेना का अध्यक्ष हैं.

कुछ पोस्टर शिवसेना के दफ्तर के बाहर भी लगे हुए. वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि ‘शिवसेना भवन’ के बाहर कई ऐसे पोस्टर लगे हुए हैं, जिन पर लिखा हुआ है,’उत्तर भारतीय बटोगे तो पिटोगे’. इसके अलावा मनसे नेता संदीप देशपांडे ने धमकी देते हुए कहा की उत्तर भारतीय अगर बटेगा तो पिटेगा और नहीं बटेगा तो भी पिटेगा.

ठाकरे ब्रदर्स ने मिलाया हाथ

महाराष्ट्र की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम है, क्योंकि आज यानी बुधवार को ठाकरे ब्रदर्स फिर से एक हो गए हैं. दोनों ने 20 वर्षों की तल्खियों को नजर अंदाज करते हुए आज एक दूसरे का हाथ थाम लिया है. इसी बीच जब इस बारे में राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी से पूछा गया तो उन्होंने मनसे को बचाते हुए कहा कि उनका पीटने का मतलब कुछ और है मारना का नहीं.

Add Zee News as a Preferred Source

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के संस्थापक राज ठाकरे ने बुधवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और नासिक नगर निगम के आगामी चुनावों के लिए औपचारिक रूप से गठबंधन की घोषणा कर दी. दोनों का साथ आना मराठी वोट बैंक को मजबूत करने और भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति को चुनौती देने के मकसद से एक बड़े राजनीतिक पुनर्गठन का संकेत है.

मराठी होगा मुंबई का मेयर

दोनों चचेरे भाइयों ने दादर के छत्रपति शिवाजी पार्क में शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की औपचारिक जानकारी दी. राज ठाकरे ने कहा कि मुंबई का अगला मेयर गठबंधन का मराठी मानुष होगा. उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह गठबंधन मुंबई और महाराष्ट्र की पहचान की रक्षा के लिए बनाया गया है. हम मुंबई को बांटने या इसे महाराष्ट्र से अलग करने की कोशिश को नाकाम करने के लिए एक साथ आए हैं. उन्होंने मराठी मानुष से एकजुट रहने और दबाव का विरोध करने की अपील की है. 

अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र को बचाने के लिए गठबंधन जरूरी था. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गिरोह चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वालों को डराने के लिए घूम रहा है. उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध कोई भी व्यक्ति, चाहे वो भाजपा के भीतर समान विचारधारा वाला व्यक्ति भी गठबंधन का समर्थन करता है तो उसका स्वागत है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने पहले ही अकेले चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है. यूबीटी-एमएनएस गठबंधन उस फैसले से स्वतंत्र है. इसके साथ ही राज ठाकरे ने मीडिया से गठबंधन का समर्थन करने की अपील की.