News in Brief

How weather in first week of January 2026: देशभर में दिल्ली की सर्दी काफी मशहूर है. अब वो गजब की ठंड शुरू हो गई है. रात तो छोड़िए, दिन में भी अब लोगों के दांत किटकिटा रहे हैं. बुधवार को तो दिनभर सूरज देवता गायब रहे और हाड़ कंपा देने वाली ठंड लोगों का इम्तिहान लेती रही. मौसम विभाग का कहना है कि ये तो बस शुरुआत है. नए साल का पहला हफ्ता इससे भी ज्यादा जुल्म ढहाने वाला है. आइए आपको बताते हैं दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में 1 से 5 जनवरी तक का मौसम कैसा रहेगा.

हल्की बारिश और कोहरे से नए साल की शुरुआत

भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 को नए साल की शुरुआत घने कोहरे और हल्की बारिश के साथ होगी. पश्चिमी UP और पंजाब-हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन उसके बाद मौसम शुष्क रहेगा. पहले दिन सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है. इस दौरान आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रहेगा. दिन में हल्की बारिश की संभावना है. नए साल के पहले दिन का न्यूनतम तापमान 8-11 डिग्री और अधिकतम 18-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source

सुबह-शाम को ठिठुर जाएंगे दांत

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 2 जनवरी 2026 को मौसम में थोड़ा बदलाव आएगा. आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर मौसम साफ भी हो सकता है. बारिश की संभावना बहुत कम होगी. लेकिन सुबह के वक्त घना कोहरा बना रहेगा. रात का न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री तक गिर सकता है. जबकि दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 17-21 डिग्री तक पहुंच सकता है. ठंड से दिन में तो राहत रहेगी लेकिन सुबह-शाम की सर्दी काफी तेज रहेगी.

कई जगहों पर चलेगी शीत लहर 

3 जनवरी 2026 के मौसम की बात करें तो तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगभग साफ रहेगा. NCR के बाहरी इलाकों में सुबह घना कोहरा रहेगा. कुछ जगहों पर शीतलहर जैसी स्थिति कुछ जगहों पर बन सकती है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 6-9 डिग्री और अधिकतम 17-20 डिग्री के बीच रह सकता है. कुल मिलाकर ठंड का प्रकोप तेज होगा. कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यात्रा प्रभावित हो सकती है.

कोहरे से थम जाएगा ट्रैफिक

मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि 4 जनवरी 2026 को लोगों को तेज ठंड से कुछ राहत मिल सकती है. इस दौरान मौसम स्थिर रहेगा और आसमान ज्यादातर साफ नजर आएगा. कोहरे की तीव्रता में भी हल्की कमी आ सकती है. हालांकि रातें काफी ठंडी महसूस होंगी. जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान 6-9 डिग्री तक गिर जाएगा. जबकि अधिकतम 17-21 डिग्री के आसपास बना रहेगा. पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में घना कोहरा लोगों को परेशान करता रहेा. जिससे ट्रैफिक और फ्लाइट्स में देरी हो सकती है.

रात में एकाएक गिर जाएगा तापमान

5 जनवरी 2026 को भी उत्तर भारत में ठंड का दौर जारी रहेगा. दिल्ली-NCR में मौसम ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान गोते लगाकर 5-8 डिग्री तक गिर सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 17-20 डिग्री के बीच रहेगा. दिन में धूप खिलने की वजह से ठंडक थोड़ी कम महसूस होगी. चूंकि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव नहीं होगा,  इसलिए बारिश की भी कोई उम्मीद नहीं है. 

ठंड का डबल अटैक कैसे झेलेंगे आप?

मौसम विभाग का आकलन है कि अगले 5 दिनों में कोहरे और ठंड का डबल अटैक लोगों पर टूटने वाला है. इस दौरान 
पंजाब, हरियाणा, यूपी,बिहार और राजस्थान में खूब कोहरा पड़ेगा. जिससे जनजीवन ठहरकर रह जाएगा. पश्चिमी हिमालय के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है. जबकि मैदानी इलाकों में शीतलहर और शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी.