BMC Election 2026: मुंबई में बीएमसी चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा बढ़ता जा रहा है. जहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ‘हिंदू मराठी मेयर’ टिप्पणी को लेकर उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी ने तीखा हमला बोला है. एनसीपी के नेता नवाब मलिक ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदू-मुस्लिम का नैरेटिव ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा. क्योंकि चुनाव वही उम्मीदवार जीतेंगे, जो जनता से जुड़े हुए हैं.
मीडिया से बात करते हुए नवाब मलिक ने कहा कि महाराष्ट्र भाषा के आधार पर बना हुआ है और मुंबई में जन्म लेने वाला हर व्यक्ति मुंबईवासी है. नवाब मलिक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्म के नाम पर तो कुछ भाषा के नाम पर समाज को बांटना चाहते हैं, लेकिन ये राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है.
क्या बोले नवाब मलिक?
उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी पार्टी को हार का डर सताने लगता है तो वो धर्म का सहारा लेती है, लेकिन मुंबई के चुनाव हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे पर नहीं हो रहे हैं बल्कि हर वार्ड की अपनी अलग समस्याएं और मुद्दे हैं. इस वजह से जो उम्मीदवार लोगों के बीच रहता है और जनता के काम आता है, वो चुनाव जीतेंगे. नवाब ने एनसीपी की तरफ से सभी धर्मों को साथ लेकर चुनाव लड़ने और विभिन्न समुदायों के उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का दावा किया है.
AIMIM और सपा पर निशाना
एआईएमआईएम और समाजवादी पार्टी को लेकर भी नवाब मलिक ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इन दलों से एनसीपी का कोई सीधा मुकाबला नहीं है. बल्कि ज्यादातर सीटों पर एनसीपी की सीधी टक्कर भाजपा और शिंदे गुट से है. नवाब मलिक के अनुसार एनसीपी बीएमसी चुनावों में 97 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसके लिए 94 सीटों पर सीधे उम्मीदवार उतारे गए हैं, लेकिन 3 सीटों पर जहां कार्यकर्ता नामांकन नहीं कर पाए, वहां पर अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा की गई है. बीएमसी चुनाव में नवाब मलिक ने एनसीपी के 30 से ज्यादा सीटों पर जीतने का दावा किया है.
यह भी पढ़ें: सिर्फ महायुति के उम्मीदवार ही क्यों? विपक्ष ने धांधली का लगाया आरोप; 5 करोड़ रुपये की रिश्वत और धमकियों का किया दावा
सरकार में गठबंधन क्यों?
भाजपा के साथ सरकार में गठबंधन को लेकर नवाब मलिक बयान दिया. उनका मानना है कि एनसीपी अपने विचारों के साथ सरकार में है. लेकिन इन चुनावों में अलग-अलग लड़ने का फैसला पहले ही किया जा चुका था. इसके साथ-साथ नवाब मलिक ने भाजपा और शिंदे गुट के कई इलाकों में एनसीपी को सफलता मिलने की उम्मीद जताई है.
