News in Brief

Punjab Sarpanch Murder: पंजाब के अमृतसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां पर आम आदमी पार्टी सरपंच की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. घटना उस वक्त हुई जब तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जारमल सिंह शादी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. घटना रविवार दोपहर ढाई से तीन बजे की बीच की बताई जा रही है. 

सीसीटीवी वीडियो में दो युवक मैरीगोल्ड मैरिज पैलेस में घुसते नजर आ रहे हैं, जो कुर्सी पर बैठे सरपंच के पास आकर कमर से बंदूक निकालते हैं और प्वाइंट ब्लैंक पर सरपंच के सिर में गोली मार देते हैं. गोली लगते ही सरपंच कुर्सी से टेबल पर ढेर हो गए और हमलावर वहां से भाग गए. अचानक गोलीबारी की घटना से रिसोर्ट में दहशत फैल गई, जिसका फायदा उठाकर हमलावर वहां से भाग खड़े हुए. हमलावरों ने काले और नीले रंग की हुडी पहनी हुई थी. 

बेखौफ बदमाश 
घटना उस वक्त हुई जब दूल्हा और दुल्हन शादी समारोह से निकल चुके थे. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि हमला करने वाले युवक अपनी पहचान को बिना छुपाए ही घटना को अंजाम देने के लिए आए थे.पुलिस की तरफ से जारी बयान के अनुसार हमलावर मृतक सरपंच की निगरानी कर रहे थे और जैसे ही उनको मौका मिला तो उन्होंने सरपंच पर गोलियां बरसा दी. गोली लगने के बाद सरपंच जारमल सिंह को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सिर में गोली लगने की वजह से उनको ज्यादा चोट आई और उनकी मौत हो गई.

Add Zee News as a Preferred Source

गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
सरपंच के मर्डर की जिम्मेदारी लेने एक पोस्ट सोशल मीडिया पर देखने को मिला, जिसमें गैंगस्टर प्रभा दासुवाल और डोनी बाल का नाम शामिल था. अमृतसर पुलिस उपायुक्त रविंदर पाल सिंह का कहना है कि मर्डर की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस ने मैरिज पैलेस को सील कर दिया है और हमलावरों के भागने वाले सभी रास्तों की सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सरपंच पर ये पहली बार हमला नहीं हुआ, बल्कि उन पर पहले भी तीन बार हमला हो चुका है. 

सुखबीर बादल ने साधा निशाना 
आम आदमी पार्टी के सरपंच की हत्या के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब में गोलीबारी की घटना भगवंत मान सरकार की कानून व्यवस्था को दिखा रही है, जो बिल्कुल गड़बड़ा गई है. उन्होंने इसके लिए पंजाब के सीएम को जिम्मेदार ठहराया है. 

यह भी पढ़ें: रिश्तों का खून! देसी प्रेमिका ने किया विदेशी प्रेमी के भरोसे का कत्ल, गुस्से में मार डाला; लिव इन में रह रहे थे