News in Brief

Umar Khalid Bail Rejected: दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में उमर खालिद को सुप्रीम कोर्ट से जमानत ना मिलने पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने जेल में बंद उमर खालिद के समर्थन में एक कविता लिखी. वहीं अदालत के फैसले के बाद जेएनयू में नारेबाजी और उस पर नेताओं की कड़ी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं.

उमर खालिद के समर्थन में महुआ ने साझा की कविता
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक कविता शेयर की है. इस कविता का शीर्षक उन्होंने ‘You will rise Umar Khalid’ रखा. कविता के जरिए उन्होंने जेल में बंद उमर खालिद के प्रति अपना समर्थन जताया है. कविता में लिखा गया है कि चाहे झूठ फैलाए जाएं, शब्दों से हमला किया जाए या नफरत दिखाई जाए, फिर भी वह दोबारा उठेंगे. महुआ मोइत्रा की इस पोस्ट के बाद राजनीतिक में काफी चर्चा शुरू हो गई.

सुप्रीम कोर्ट का फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित साजिश मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत नहीं दी है. हालांकि इसी मामले में गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत मिल गई है. अदालत के इस फैसले के बाद अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

जेएनयू में नारेबाजी का मामला
कोर्ट के फैसले के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में कुछ छात्रों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगाए जाने की खबर सामने आई है. इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है.

बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जेएनयू में हुई नारेबाजी की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने की सोच रखने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी मानसिकता को कुचल दिया जाएगा.
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस और वाम दलों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ये पार्टियां और उनका पूरा तंत्र देश की सुरक्षा से ऊपर ऐसे लोगों और अपने वोट बैंक को रखता है. उनके मुताबिक यह रवैया देश विरोधी है.

दिल्ली सरकार की प्रतिक्रिया
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने जेएनयू (JNU) में हुई नारेबाजी को गलत और निंदनीय बताया है. उन्होंने कहा, उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत अर्जी खारिज होने के बाद ऐसी नारेबाजी करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. शरजील इमाम ने पूर्वोत्तर भारत को देश से अलग करने की बात कही थी. उमर खालिद ने ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ के नारे लगाए थे. मेरी नजर में यह देशद्रोह है.

यह भी पढ़ें: आपको पता चला क्या? किस ‘दूसरे माध्यम’ के चक्कर में फंस गए उमर खालिद और शरजील इमाम