News in Brief

पंजाब की राजनीति में बहुत कम ऐसे दौर आए हैं जब किसी सरकार ने सिख धर्म की भावनाओं, परंपराओं और विरासत को इतनी गहराई तथा संवेदनशीलता से समझते हुए निर्णय लिए हों. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने सिख पंथ की पुरानी मांगों को पूरा किया है, जिसका जमीनी स्तर पर व्यापक स्वागत हो रहा है. आज भगवंत सिंह मान सरकार को पंजाब में सिख विरासत की सच्ची संरक्षक के रूप में देखा जा रहा है.सिख पंथ के तीन सबसे महत्वपूर्ण तख्तों से जुड़े क्षेत्रों जिसमें श्री अकाल तख्त साहिब (अमृतसर की वॉल्ड सिटी), तख्त श्री केसगढ़ साहिब (श्री आनंदपुर साहिब) तथा तख्त श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो) को ‘पवित्र शहर’ का आधिकारिक दर्जा देना भगवंत सिंह मान सरकार का एक ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है.

सिख संगत की चली आ रही मांग पूरा
इन क्षेत्रों में अब शराब, तंबाकू, मांस तथा नशीले पदार्थों की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है. यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि दशकों से सिख संगत की चली आ रही मांग को पूरा किया गया है, जिसे पिछली सरकारें लगातार नजरअंदाज करती रहीं. नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित विशेष विधानसभा सत्र के दौरान पवित्र शहर घोषित करने का निर्णय लिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख आस्था और पवित्रता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

50 लाख रुपये की विशेष ग्रांट
श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहीदी वर्षगांठ के अवसर पर भगवंत सिंह मान सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया. गुरु साहिब के चरण-स्पर्श वाले गांवों/कस्बों को प्रति गांव/कस्बा 50 लाख रुपये की विशेष ग्रांट दी गई, जो कुल 71 करोड़ रुपये की राशि बनती है. यह केवल वित्तीय सहायता नहीं थी, बल्कि शहीदी की परंपरा को जीवित रखने का एक संगठित प्रयास था. सरकार का स्पष्ट मत था कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की महान कुर्बानी केवल किताबों तक सीमित न रहे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के मन में भी जीवित रहे.

Add Zee News as a Preferred Source

350वां शहीदी दिवस
भगवंत सिंह मान सरकार द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस बड़े स्तर पर मनाया गया. चार शहरों (श्रीनगर, तलवंडी साबो, गुरदासपुर और फरीदकोट) से नगर कीर्तन सजाए गए, जो श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे. पंजाब के हर जिले में गुरु साहिब की जीवनी पर आधारित लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए गए. श्री आनंदपुर साहिब में 23 से 29 नवंबर तक बड़े धार्मिक समागम कराए गए, जिनमें कीर्तन दरबार, सर्वधर्म सम्मेलन, नगर कीर्तन, ड्रोन शो, गतका तथा लाइट एंड साउंड शो शामिल थे. टेंट सिटी बनाई गई. श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की गई. श्री आनंदपुर साहिब में 20 करोड़ रुपये की लागत से भाई जैता जी की स्मारक का निर्माण कराया गया.

ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के लिए विशेष बजट
सिख विरासत की संरक्षा के संबंध में भगवंत सिंह मान सरकार ने बुनियादी ढांचे और हेरिटेज विकास पर भी ठोस कार्य किए हैं. आनंदपुर साहिब में हेरिटेज स्ट्रीट का निर्माण, जहाज हवेली (दीवान टोडर मल से संबंधित) की मरम्मत तथा अन्य ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के लिए विशेष बजट उपलब्ध कराया गया. इन प्रयासों के परिणामस्वरूप धार्मिक पर्यटन में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. धार्मिक समागमों के प्रबंधन में भी सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए. श्री फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के आयोजनों का सुव्यवस्थित प्रबंध किया गया. भगवंत सिंह मान ने व्यक्तिगत रूप से प्रशासन के साथ बैठकें कीं. लाखों की संख्या में पहुंची संगत के लिए सुरक्षा और यातायात के सुचारू प्रबंध किए गए.

विदेशों में सिख समुदाय के सम्मान और अधिकारों से जुड़े सवाल
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की गईं. सिख सम्मान से जुड़े मुद्दों पर भगवंत सिंह मान सरकार ने खुद को केवल राज्य तक सीमित नहीं रखा. जब भी विदेशों में सिख समुदाय के सम्मान और अधिकारों से जुड़े सवाल उठे, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार के समक्ष इन मुद्दों को पूरी मजबूती से रखा और कठोर कार्रवाई की मांग की. इससे सिख संगत में यह विश्वास और मजबूत हुआ कि पंजाब सरकार हर मंच पर उनके सम्मान के लिए खड़ी है.

भगवंत सिंह मान सरकार का ऐतिहासिक काल 
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार का यह कार्यकाल सिख धर्म के सम्मान, शहीदी की परंपरा की रक्षा तथा विरासत की संरक्षा के लिए एक निर्णायक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है. यह दौर सिद्ध करता है कि जब नेतृत्व ईमानदार हो और नीयत साफ हो, तो राजनीति भी विश्वास और सेवा का माध्यम बन सकती है. आज पंजाब में एक बात स्पष्ट दिखाई दे रही है कि सिख संगत की आवाज सुनी जा रही है और इतिहास में भगवंत सिंह मान सरकार का नाम एक सम्मानजनक अध्याय के रूप में दर्ज हो रहा है.