उसका नाम मान्या था. आरोप है कि लिंगायत परिवार की 20 साल की इस बेटी को उसके पिता ने ही मार डाला. वह उस समय गर्भवती थी. इस अपराध ने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्पीडी ट्रायल का वादा किया है. साथ ही वह सख्त एंटी-ऑनर किलिंग कानून भी बनाएंगे.
22 साल के विवेकानंद धोडामणि और मान्या दोनों के पिता लंबे समय से दोस्त थे. धोडामणि दलित है लेकिन उसने मान्या से शादी करके उसके परिवार को अपने खिलाफ कर दिया. लड़की की हत्या को दो हफ्ते हो रहे हैं. धोडामणि की रोते-रोते आवाज बैठ चुकी है. वह रोते हुए कहता है, ‘मैंने सपना देखा था कि मेरा बच्चा कभी मान्या के पिता के साथ खेलेगा. मैंने सोचा भी नहीं था कि जाति की वजह से कोई पिता अपनी ही बेटी को मार सकता है.’
कर्नाटक के हुबली ग्रामीण इलाके में यह अंतर-जातीय शादी काफी चर्चा में है. मान्या छह महीने की गर्भवती थी. हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसी रात एक प्राइवेट अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया. लड़की के पिता और रिश्तेदारों के हमले में पति धोडामणि और उसके माता-पिता को भी चोट लगी थी.
पुलिस ने बताया है कि पीड़िता ने मई में अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ दूसरी जाति के शख्स से शादी की थी. धमकी मिलने के बाद दोनों रिश्तेदार के घर पर रह रहे थे लेकिन 8 दिसंबर को गांव लौट आए. सोचा था कि अब सब मान जाएंगे.
पुलिस ने बताया कि शादी के तुरंत बाद, पुलिस ने मान्या के माता-पिता को कपल से दूर रहने की चेतावनी दी थी. प्रकाश गौड़ा से लिखित में लिया गया था. प्रकाश कई बार अपनी बेटी से मिलने जाने लगा था तो सबको लगा कि सब ठीक हो गया है. फिर एक रात मिलने के बहाने लड़की और घरवालों पर हमला कर दिया.
चश्मदीदों ने बताया कि मान्या के पिता प्रकाश अपने दो बेटों इरन्ना गौड़ा और अरुण गौड़ा के साथ विवेकानंद के घर में घुस गए और लोहे की रॉड और दूसरे हथियारों से हमला करना शुरू कर दिया.
अब कर्नाटक सरकार ऑनर किलिंग्स रोकने के लिए विशेष कानून बनाने पर विचार कर रही है. दलित संगठनों के साथ-साथ कुछ लिंगायत समूहों ने भी हत्या की निंदा की है.
