News in Brief

BMC Elections: आगामी बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) चुनावों से पहले शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर कड़ा राजनीतिक हमला किया है. ठाकरे ने BJP को ‘हिंदुत्व समर्थक पार्टी’ मानने से इनकार करते हुए उसे ‘सत्ता की भूखी’ पार्टी करार दिया और महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. ठाकरे ने जनसंघ के इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में देर से शामिल हुई थी और लाभ मिलते ही सबसे पहले उससे बाहर निकल गई. ठाकरे ने आरोप लगाया कि BJP कोई हिंदुत्व की पार्टी नहीं है. यह सत्ता के लिए पागल पार्टी है. मौकापरस्ती उसके डीएनए में है. सत्ता में बने रहने के लिए वह किसी से भी, यहां तक कि गुंडों से भी हाथ मिलाने को तैयार है.

BJP के विस्तार की तुलना करते हुए ठाकरे ने इसे सिंगल-सेल वाले अमीबा जैसा बताया जो अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को निगल लेना चाहता है. अकोट म्युनिसिपल काउंसिल में AIMIM के साथ BJP के गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे BJP का लव जिहाद कहा. ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि BJP के कुछ मंत्री बीफ खाते हैं फिर भी हिंदुत्व पर दूसरों को उपदेश देते हैं. उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में हिंदू-मुस्लिम मुद्दा नहीं, बल्कि प्रशासन और गवर्नेंस अहम विषय होना चाहिए.

ये भी पढ़ें: शिवसेना-UBT को चुनाव से ठीक पहले लगा बड़ा झटका, ये दिग्गज महिला नेता BJP में हुई शामिल

Add Zee News as a Preferred Source

ठाकरे ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना

राज्य की मौजूदा राजनीति पर चिंता जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि BMC चुनाव अजीब माहौल में लड़े जा रहे हैं. उन्होंने निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद जताते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति कभी शालीनता और तहजीब की पहचान थी, लेकिन अब वह पूरी तरह बिगड़ चुकी है. मुंबई की पहचान और भाषाई मुद्दों पर ठाकरे ने सख्त रुख अपनाया.

ठाकरे ने कहा कि मुंबई का मेयर मराठी ही होगा और सवाल उठाया कि BJP शहर पर हिंदी और अन्य भाषाएं क्यों थोपने की कोशिश कर रही है. घाटकोपर को गुजराती भाषी इलाका बताए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई. ठाकरे ने मौजूदा राज्य सरकार पर मुंबई पर करीब तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज लादने और शहर के संसाधनों की लूट का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में मुंबई में मराठी लोगों को धमकाने की घटनाएं बढ़ी हैं और उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है. उनके अनुसार, BJP नेताओं का रवैया इसलिए बदला हुआ है क्योंकि उनके बॉस दिल्ली में बैठे हैं.