All India Weather Update 10 January 2026: पूरे उत्तर भारत में सर्दी इन दिनों अपने पीक पर पहुंची हुई है. धूप कम होने की वजह से लोगों को ठिठुरन ज्यादा महसूस हो रही है. ठंड से बचने के लिए जगह-जगह लोग आग जलाकर हाथ सेंकते दिख रहे हैं. शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए. अब शनिवार यानी 10 जनवरी के लिए मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है. अगर आप इस शनिवार को कहीं बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं तो पहले इस अलर्ट को जरूर जान लें.
उत्तर भारत के लोग झेलेंगे डबल अटैक
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तरी भारत में कोल्ड वेव और कोहरा जारी रहेगा. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लोगों को घना कोहरे और ठिठुरन का डबल अटैक झेलना होगा. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की बात करें तो वहां कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी या बारिश के आसार हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य भारत में भी ठंड और कोहरा प्रभावी रहेगा. जबकि पूर्वी भारत में बिहार और झारखंड में कोल्ड डे लोगों को सताता रहेगा. दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहां पर तूफान और गरज के साथ बारिश हो सकती है.
कोहरे और ठंड की झेलेंगे परेशानी
पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो वहां पर कोहरे और ठंड बनी रहेगी. वहीं पश्चिमी भारत जैसे गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम सूखा और ठंडा रहेगा. मुंबई और पुणे में तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है. लोगों को हल्की ठंड का अहसास होगा.
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली एनसीआर में 10 जनवरी को मौसम साफ रह सकता है. हालांकि सुबह के समय कोहरा लोगों को परेशान करेगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
शनिवार को बारिश की कितनी संभावना?
कोहरे के कारण सुबह में विजिबिलिटी कम रह सकती है. जिससे सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है. इस शनिवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. अगर आप वॉक के शौकीन हैं तो ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनकर निकलें और अपनी सेहत का ध्यान रखें.
