News in Brief

BMC Election 2026: इस समय पूरे देश की नजरें एशिया की सबसे धनी नगर निगम चुनाव के नतीजों पर टिकी हुई हैं. 227 सीटों पर हुए यह चुनाव स्थानीय चुनाव से कहीं ज्यादा अहमियत रखते हैं. इससे ना सिर्फ मुंबई की राजनीति की सत्ता का प्रभावित होगी, बल्कि महाराष्ट्र और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति को  BMC भारत के सबसे बड़े और रणनीतिक तौर पर भी सबसे अहम शहर का प्रबंधन करती है, जहां फैसले करोड़ों लोगों की जिंदगी, अर्थव्यवस्था और शहर के विकास को प्रभावित करते हैं.

इसके बजट की बात करें तो हजारों करोड़ रुपये होता है. यहां की सत्ता यह तय करती है कि विकास, सार्वजनिक सेवाएं और प्रशासन किस दिशा में जाएंगीं. चुनाव की सबसे दिलचस्प बात य है कि यह ऐसे समय में हुए, जब महाराष्ट्र की राजनीति बंटी हुई है. शिवसेना दो हिस्सों में बंटी हुई है. साथ ही विपक्षी गठबंधन भी टूट चुका है और सभी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा है. हालांकि BMC चुनाव को अक्सर गठबंधनों और कुल सीटों के लिहाज से देखा जाता है, लेकिन असली मुकाबला वार्ड स्तर पर होता है. मुंबई के 227 वार्ड एक जैसे नहीं हैं. हर इलाके की सामाजिक बनावट, आर्थिक स्थिति और राजनीतिक इतिहास अलग है. इन्हीं छोटे मुकाबलों से आखिरी नतीजा तय होता है.

आइलैंड सिटी बनाम उपनगर

कहा जाता है कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की सियासत आइलैंड सिटी और उपनगरों में बंटी हुई है. आइलैंड सिटी जैसे- दादर, परेल, वर्ली, सेवड़ी और दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्से लंबे समय से अविभाजित शिवसेना का गढ़ रहे हैं. यहां मराठी भाषी मजदूर वर्ग, चालें, मिल इलाकों और ट्रेड यूनियनों की बड़ी मौजूदगी है. शिवसेना के बंटने के बाद भी इन इलाकों में ठाकरे नाम के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है.

Add Zee News as a Preferred Source

उपनगरों का हालत कैसा है?

इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी उपनगर जैसे- बांद्रा से बोरीवली और कुर्ला से मुलुंड अब भाजपा के मजबूत गढ़ बनते जा रहे हैं. यहां मिडिल क्लास बढ़ा है, बड़ी हाउसिंग सोसायटियां हैं और विकास के मुद्दों पर राजनीति देखने को मिलती है. गुरुवार शाम आए एग्जिट पोल बताते हैं कि उपनगरों में वोटिंग प्रतिशत आइलैंड सिटी से थोड़ा ज्यादा रहा, जिससे भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को फायदा मिलता दिख रहा है.

क्या कह रहे हैं एग्जिट पोल्स

एग्जिट पोल पर यकीन करें तो बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन जिसमें बीजेपी और शिवसेना का शिंदे गुट शामिल है, को बढ़त मिल सकती है. अंदाजा है कि यह गठबंधन 227 में से 131 से 151 सीटें जीत सकता है, जो बहुमत के आंकड़े 114 से काफी ज्यादा है. अगर महायुति की जीत होती है तो इस जीत का बड़ा क्रेडिट उपनगर को देना होगा. शिवसेना के बंटने के बाद शिंदे गुट के भाजपा के साथ आने से कई इलाकों में वोट एकजुट हुए हैं. अंधेरी, दहिसर, घाटकोपर, भांडुप जैसे वार्डों में संगठन और बूथ मैनेजमेंट 2017 के मुकाबले ज्यादा मजबूत बताया जा रहा है.

केंद्र, राज्य और अब बीएमसी?

अगर महायुति को पूर्ण बहुमत मिलता है तो BMC, राज्य और केंद्र तीनों जगह एक ही गठबंधन की सरकार होने से कामकाज आसान हो सकता है. इंफ्रास्ट्रक्चर, जल निकासी, ट्रांसपोर्ट और शहरी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है. साथ ही यह जीत भाजपा को के उन क्षेत्रों में राजनीतिक बढ़त भी देगी, जहां अभी-भी ठाकरे परिवार का वर्चस्व कायम है. क्योंकि आइलैंड सिटी अभी भी बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं. यहां ठाकरे परिवार की विरासत का असर अभी-भी बरकरार है. इन क्षेत्रों के नतीजे इस बात पर निर्भर करेंगे कि पारंपरिक शिवसेना वोटर एकजुट रहते हैं या फिर पार्टी की तरह वोट भी दो हिस्सों में बंट चुका है.

अपडेट जारी है