News in Brief

Maharashtra BMC Election: महाराष्ट्र में नगरपालिका चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को नई उम्मीद देखने को मिली है. उनकी पार्टी ने प्रदेश के अधिक मुस्लिम जनसंख्या वाले वार्डो में बेहतरीन बढ़त दर्ज की है. हाल ही के रुझानों के मुताबिक AIMIM शरद पवार की NCP को पछाड़ते हुए 74 वार्डों में आगे चल रही है. NCP केवल 27 सीटों तक ही सीमित रह गई है. ओवैसी की पार्टी को छत्रपति संभाजीनगर, धुले, अमरावती, जालना, मालेगांव और परभणी में मजबूत समर्थन मिला, जो चुनिंदा शहरी इलाकों में इसकी बढ़ती उपस्थिति को दर्शाता है. 

AIMIM ने रचा इतिहास 

मुंबई में ओवैसी की पार्टी ने BMC में अपनी पहली जीत हासिल करके एक ऐतिहासक उपलब्धि प्राप्त की है.  AIMIM की उम्मीदवार मेहजाबिन खान ने वार्ड नंबर 134 से जीत हासिल की, जिससे पार्टी को देश के सबसे अमीर नगर निगम यानी मुंबई में अपनी पहली सीट मिली. AIMIM संभाजीनगर नगर निगम में भी 116 सीटों में से 16 सीटों पर जीत हासिल करके एक अहम दावेदार के तौर पर उबरी. वहीं धुले में पार्टी ने 74 सदस्यीय नगर निकाय में 8 सीटें जीतीं. अमरावती नगर निगम में AIMIM ने 87 वार्डों वाले निगम में 3 सीटें जीतीं.     

ये भी पढ़ें- Solapur Election Result 2026: जिस भाजपा नेता ने की थी MNS कार्यकर्ता की हत्या, उसने जेल से जीता चुनाव, सोलापुर के नतीजों ने चौंकाया 

Add Zee News as a Preferred Source

 

ओवैसी की पार्टी ने बढ़ाई बढ़त 

ओवैसी की पार्टी ने जालना में 65 सदस्यीय नगर निकाय में 2 सीटें जीतीं, मालेगांव नगर निगम में  84 वार्डों में से 4 वार्डों में जीत हासिल की और परभणी में पार्टी ने 65 वार्डों वाले नगर निकाय में 1 सीट हासिल की. बता दें कि AIMIM ने BMC चुनावों में अबतक 2 सीटें जीती हैं और आधिकारिक रुझानों में भी पार्टी 2 वार्डों में आगे चल रही है क्योंकि 227 सदस्यीय निगम के लिए अभी मतगणना जारी है. इससे पहले AIMIM के नेशनल स्पोक्सपर्सन वारिस पठान ने परिणामों पर विश्वास जताया था और एग्जिट पोल को अविश्वसनीय बताते हुए खारिज कर दिया. 

ये भी पढ़ें- BMC Election 2026: सिंगल डिजिट सीट पर अटकी राज ठाकरे की पार्टी, उद्धव का साथ भी नहीं दिखा पाया कमाल; 22 शहरों मनसे का सफाया 

 

वारिस पठान का बयान 

पठान ने ANI से बात करते हुए कहा कि एग्जिट पोल अक्सर लास्ट रिजल्ट को सही ढंग से नहीं दर्शाते हैं. उन्होंने कहा कि काउंटिंग खत्म होने के बाद पार्टी को मजबूत बढ़त हासिल होगी. वारिस पठान  ने कहा,’ हमें पूरा भरोसा है कि जनता ने हमें अपने वोटों से नवाजा है. कल शाम तक नतीजे साफ हो जाएंगे और  AIMIM को बड़ी सफलता मिलेगी.’ बता दें कि महाराष्ट्र में BMC समेत 29 नगर निगमों के लिए चुनाव हुए, जिसमें ठाकरे ब्रदर्स के साथ-साथ भाजपा-शिव सेना के लिए भी दांव ऊंचे थे, क्योंकि पिछले साल विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की शानदार जीत हुई थी.