News in Brief

Indian Army Indigenous Firefighting Robot News: चीन और पाकिस्तान से लगातार बढ़ती चुनौतियों के बीच भारत अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है. देश की तीनों सशस्त्र सेनाओं लगातार अपने शस्त्रागार में नए-नए हथियार शामिल कर अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही हैं. इसके साथ ही दूसरे देशों में छिड़े युद्धों से सबक लेकर नई-नई तकनीकों को भी आत्मसात किया जा रहा है. तीनों सेनाओं का अब पूरा जोर आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य पर है. इसे ध्यान में रखते हुए सेनाएं अब स्वदेशी रक्षा उपकरणों पर खास जोर दे रही है, जिससे जंग की स्थिति में उसे दूसरे देशों के आगे हाथ न फैलाना पड़े.

सेना खरीदेगी फायर फाइटिंग रोबोट

इसी दिशा में भारतीय सेना ने iDEX यानी इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस योजना के तहत एक बड़ा कदम उठाया है. सेना ने स्वदेशी कंपनी स्वदेशी एम्प्रेसा प्राइवेट लिमिटेड के साथ फायर फाइटिंग रोबोट खरीदने का करार किया है. यह समझौता 13 जनवरी 2026 को भारतीय सेना के कैपेबिलिटी डेवलपमेंट डायरेक्टरेट में किया गया.

Add Zee News as a Preferred Source

नेवी भी खरीद के लिए कर चुकी है करार

खास बात यह है कि यह फायर फाइटिंग रोबोट पहले iDEX के तहत भारतीय नौसेना के लिए बनाया गया था. अब पहली बार भारतीय सेना भी इसे अपने इस्तेमाल के लिए खरीद रही है. इस फायर फाइटिंग रोबोट को सिंगल स्टेज कंपोजिट ट्रायल के आधार पर अपनाया गया है. जिसमें एक बार सफल होने के बाद उस हथियार को तीनों सेनाएं खरीद सकती हैं. ऐसा करने से तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा मिल रहा है.

बिल्डिंगों में अपने आप बुझा सकता आग

यह फायर फाइटिंग रोबोट पूरी तरह मानव रहित और बेहद आधुनिक है. इसे ऐसी जगहों पर इस्तेमाल किया जा सकता है, जहां आग बुझाने जाना इंसानों के लिए बेहद खतरनाक होता है. ऐसे में यह रोबोट सुरक्षित दूरी पर रहते हुए आग पर काबू पा सकता है. ऐसा करने से सेना के फायर फाइटर्स की जान को कम जोखिम उठाना पड़ेगा. साथ ही आपात हालात में काम तेजी से हो सकेगा.

डिफेंस एक्सपर्टों के मुताबिक, iDEX आज भारतीय सेना और स्टार्ट-अप्स के बीच एक मजबूत कड़ी बनकर उभरा है. इस पहल से देश के युवा इनोवेटर्स को सीधे सेना की जरूरतों के अनुसार काम करने का मौका मिल रहा है. इससे न सिर्फ स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि रक्षा क्षेत्र में नए विचार भी सामने आ रहे हैं.

भविष्य के लिए तैयारी कर रही तीनों सेनाएं

फिलहाल भारतीय सेना अपने पहले से पूरे हो चुके iDEX प्रोजेक्ट्स को और बेहतर बनाने पर काम कर रही है. इसके अलावा करीब 22 नए iDEX प्रोजेक्ट्स ऐसे हैं, जो अब ट्रायल के चरण में पहुंच रहे हैं. इससे आप समझ सकते हैं कि भारत सैन्य मामलों में तेजी से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.