Pm Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से असम के दो दिन के दौरे पर हैं. इस दौरान वह राज्य में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं. कई अहम विकास परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे. बोड़ो संस्कृति का भव्य आयोजन और काजीरंगा से जुड़ी बड़ी सड़क परियोजना इस दौरे के मुख्य आकर्षण होने वाले हैं.
गुवाहाटी में बोड़ो संस्कृति का कार्यक्रम
शनिवार शाम करीब 6 बजे प्रधानमंत्री गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम पहुंचेंगे. यहां वह बोड़ो समुदाय के पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस मौके पर ‘बागुरुम्बा डोहू 2026’ नाम से एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक आयोजन किया जा रहा है.
बता दें, इस कार्यक्रम में बोड़ो समुदाय के 10 हजार से ज्यादा कलाकार एक साथ बागुरुम्बा नृत्य पेश करने वाले हैं. खास बात यह है कि यह प्रस्तुति एक साथ और तालमेल के साथ होगी. असम के 23 जिलों की 81 विधानसभा सीटों से कलाकार इसमें हिस्सा लेंगे. इसे राज्य के सबसे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है.
बागुरुम्बा नृत्य की खास पहचान
बागुरुम्बा नृत्य बोड़ो समुदाय का एक प्रसिद्ध लोकनृत्य है. यह नृत्य प्रकृति से जुड़ा हुआ माना जाता है. आमतौर पर इसे युवा महिलाएं करती हैं. पुरुष संगीत के जरिए साथ देते हैं. इस नृत्य की चाल में तितलियों, पक्षियों, पत्तियों और फूलों की झलक देखने को मिलती है. बागुरुम्बा नृत्य शांति, खुशी, उर्वरता और सामूहिक मेल-जोल का प्रतीक माना जाता है. यह नृत्य बोड़ो समुदाय के ब्विसागु (नया साल) और डोमासी जैसे त्योहारों से भी जुड़ा हुआ है.
काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की शुरुआत
रविवार सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री असम के कालीबोर जाएंगे. यहां वह काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन करेंगे. यह प्रोजेक्ट करीब 6950 करोड़ रुपये का होने वाला है. यह 86 किलोमीटर लंबी परियोजना NH-715 के कालीबोर से नुमालीगढ़ हिस्से को चार लेन का बनाने से जुड़ी है.
बता दें, इसे पर्यावरण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इस प्रोजेक्ट में काजीरंगा नेशनल पार्क से होकर गुजरने वाला 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर शामिल है. इसके अलावा 21 किलोमीटर बायपास और 30 किलोमीटर मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा.
कनेक्टिविटी और वन्यजीवों को फायदा
इस सड़क परियोजना से नगांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों में आवाजाही बेहतर होगी. साथ ही जंगली जानवरों की आवाजाही बिना रुकावट हो सकेगी. जिससे इंसानों और जानवरों के बीच टकराव की घटनाएं कम होंगी.
दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे. इनमें गुवाहाटी (कामाख्या) से रोहतक और डिब्रूगढ़ से लखनऊ (गोमती नगर) के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं. इससे पूर्वोत्तर भारत और उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क और मजबूत हो सकेगा.
यह भी पढ़ें: BMC की बादशाह बनी BJP, अब बंगाल के रण पर PM मोदी की नजर, मालदा रैली से पहले ममता पर क्या बोले?
