News in Brief

Salman Khan: इस साल अप्रैल में सिनेमा के भाईजान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान रिलीज होने वाली है. ये फिल्म  2020 में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है. टीजर आने के बाद से ही इस फिल्म को लेकर तकरार छिड़ी है, चीनी मीडिया ने भी इस फिल्म पर चिढ़ा हुआ है. इसी बीच फिल्म को लेकर विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि भारत में फिल्म बनाने से जुड़े मामलों को संबंधित अथॉरिटीज देखती हैं और MEA का इस या ऐसे वेंचर्स में कोई रोल नहीं है. इसके अलावा क्या कुछ कहा आइए समझते हैं विस्तार के साथ.

विदेश मंत्रालय ने कही ये बात
अपनी वीकली मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के स्पोक्सपर्सन रणधीर जायसवाल ने फिल्म को लेकर कहा है कि हम समझते हैं कि इस तरह की एक फिल्म की प्लानिंग हो रही है. जैसा कि आप अच्छी तरह जानते हैं, भारत में फिल्म बनाने से जुड़े मामलों को संबंधित अधिकारी देखते हैं और जहां तक ​​हमारा सवाल है, विदेश मंत्रालय की इसमें या ऐसे किसी भी प्रोजेक्ट में कोई भूमिका नहीं है.

झड़प पर आधारित है फिल्म
यह फिल्म भारत और चीन के बीच साल 2020 मे गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित है. पूर्वी लद्दाख में मिलिट्री स्टैंडऑफ मई 2020 में शुरू हुआ था, उस साल जून में गलवान घाटी में हुई झड़पों की वजह से भारत और चीन के रिश्तों में बहुत ज्यादा तनाव आ गया था. 15 जून, 2020 को गलवान घाटी में हुई झड़पों में भारतीय सेना के 20 जवानों ने अपनी जान दे दी थी.फरवरी 2021 में, चीन ने ऑफिशियली माना कि झड़पों में चीन के पांच मिलिट्री ऑफिसर और सैनिक मारे गए थे, हालांकि यह माना जाता है कि चीन की तरफ से मरने वालों की संख्या इससे कहीं ज्यादा थी.

Add Zee News as a Preferred Source

किस किरदार में हैं सलमान खान?
अपूर्व लखिया के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में सलमान बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का रोल निभा रहे हैं, जिन्होंने 2020 की लड़ाई में भारतीय इलाके की रक्षा करते हुए 16 बिहार रेजिमेंट के 19 दूसरे सैनिकों के साथ अपनी जान दे दी थी. उन्हें मरणोपरांत भारत का दूसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार, महावीर चक्र दिया गया था.

क्यों चिढ़ा है चीन?
इस फिल्म का टीजर आने के बाद से चीनी मीडिया इस फिल्म पर भड़का हुआ है. फिल्म टीजर में भारतीय सैनिक बहादुरी और बलिदान को दिखा रहे हैं. इसका विरोध चीनी मीडिया ने शुरू कर दिया है. इसे लेकर एक यूजर ने लिखा कि जब इतिहास कमजोर पड़ता है, तो बॉलीवुड आगे आता है वहीं दूसरे ने कहा कि फिल्म की कहानी वास्तविकता से मेल नहीं खाती. इसके अलावा चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भी फिल्म पर हमला बोला. उसने इसे तथ्यों को विकृत करने वाला और बढ़ा-चढ़ा ड्रामा बताया.