News in Brief

Bhiwandi Clash: महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद रविवार को भिवंडी में राजनीतिक तनाव देखने को मिला. जानकारी के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के पास भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक महेश चौघुले और कोणार्क विकास अघाड़ी (केवीए) के अध्यक्ष व पूर्व महापौर विलास पाटिल के समर्थकों के बीच झड़प हो गई. घटना के दौरान पत्थरबाजी की भी खबर है.

ठाणे नगर पुलिस आयुक्त कार्यालय के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. डीसीपी जोन-2 शशिकांत बोराटे ने बताया कि दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति अब सामान्य है. भाजपा विधायक महेश चौघुले ने आरोप लगाया कि कोणार्क विकास अघाड़ी के अध्यक्ष विलास पाटिल अपने इलाके में किसी को भी प्रवेश करने से रोकना चाहते हैं. 

BJP विधायक ने लगाए गंभीर आरोप

चौघुले ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बावजूद तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. उन्होंने दावा किया कि एक दिन पहले कुछ गरीब बच्चों पर हमला किया गया था और रविवार शाम करीब पांच बजे दो बच्चों के साथ मारपीट की गई. इसके बाद उनके कार्यालय पर पत्थर फेंके गए और पुलिसकर्मियों व उनके समर्थकों पर भी हमला हुआ. चौघुले ने कहा कि वह स्थिति को संभालने के लिए पुलिस का धन्यवाद करते हैं और मामले को लेकर वह पुलिस स्टेशन पहुंचे हैं, जहां आगे की कार्रवाई पर नजर रखी जाएगी.

ये भी पढ़ें: ओवैसी ने BJP से गठबंधन पर फिर किया ‘ना’; हाथ मिलाने वाले पार्षदों पर चलाया अनुशासन का डंडा

इस बीच आपको बता दें कि भिवंडी-निजामपुर नगर निगम चुनावों के नतीजों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जिसने 30 सीटें जीती हैं. भाजपा को 22 सीटें मिली हैं, जबकि शिवसेना और एनसीपी-एससी को 12-12 सीटें हासिल हुई हैं. चुनाव परिणामों के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी और समर्थकों की गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन सतर्क है.