News in Brief

Manipur Violence Case: साल 2023 में मणिपुर की जातीय हिंसा के दौरान हुए दर्दनाक अपराध ने एक और जिंदगी छीन ली है. कूकी समुदाय की 20 साल की युवती जो उस वक्त सिर्फ 18 साल की थी उसने इंसाफ मिलने से पहले ही दुनिया को अलविदा कह दिया है. इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF) के मुताबिक युवती की मौत 10 जनवरी को हुई. वह पिछले करीब ढाई साल से लगातार शारीरिक और मानसिक पीड़ा झेल रही थी.

मई 2023 में दरिंदगी
इस घटना को 15 मई 2023 का बताया जा रहा है. FIR में पता चलता है कि युवती को इंफाल के न्यू चेकॉन इलाके में एक ATM के पास से किडनैप कर लिया गया था. आरोप है कि जातीय हिंसा में शामिल एक समूह की कुछ महिलाओं ने उसे एक हथियारबंद संगठन के 4 लोगों के हवाले कर दिया था. इसके बाद उसे एक पहाड़ी इलाके में ले जाया गया जहां तीन लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. फिर उसे एक नाले में फेंक दिया गया.

ऑटो चालक ने बचाई जान
एक ऑटो चालक वहां से जा गुजर रहा था. उसी ने गंभीर हालत में पड़ी युवती की जान बचाई थी. उसने उसे देखा और मदद की. इसके अगले ही दिन युवती इंफाल घाटी से भागकर कांगपोकपी पहुंच गई, जहां उसने अस्पताल में इलाज कराया गया.

Add Zee News as a Preferred Source

इलाज के बाद भी दर्द कम नहीं
कांगपोकपी के अस्पताल से उसे पहले नागालैंड के कोहिमा और फिर असम के गुवाहाटी रेफर किया गया. महीनों तक इलाज चला लेकिन उसके शरीर में गंभीर अंदरूनी समस्याएं बनी रहीं थी. इसके साथ ही मानसिक सदमा भी गहराता चला गया. ITLF का कहना है कि गर्भाशय से जुड़ी परेशानियां और गहरा मानसिक आघात उसकी मौत की वजह बन गए.

FIR के बाद भी आरोपी आजाद
युवती ने 21 जुलाई 2023 को कांगपोकपी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. बाद में FIR इंफाल ईस्ट के पोरोमपट पुलिस स्टेशन में भी दर्ज हुई. हैरानी की बात यह है कि करीब ढाई साल बीत जाने के बाद भी किसी आरोपी की पहचान तक नहीं हो सकी है.

इंसाफ की मांग में कैंडल मार्च
शनिवार को कूकी संगठनों, जिनमें कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी भी शामिल है, उन्होंने कैंडल मार्च निकाला. उन्होंने युवती के साथ हुए अन्याय के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा देने की मांग की है. संगठनों का कहना है कि यह मौत मणिपुर हिंसा के दौरान समुदाय पर हुए जुल्म की दर्दनाक मिसाल है.

केंद्र सरकार से की मांग
कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी ने केंद्र सरकार से इस मामले में दखल देने की मांग की है. संगठन ने कहा कि दोषियों को सजा देना जरूरी है ताकि प्रधानमंत्री के ‘बेटी बचाओ’ संदेश की भावना बनी रह सके. 

यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: रेलवे स्टेशन पर हमला हुआ तो कैसे होगी सुरक्षा? सेना और सुरक्षाबलों ने बताया