देश, जन से बनता है और जनता में हर एक नागरिक शामिल है लेकिन हमारी जान कितनी सस्ती है आप खुद को युवराज की जगह पर रखकर देख लीजिए. घने कोहरे में घर लौटते समय कार निर्माणाधीन बेसमेंट के पानी में गिर जाती है. वह 80 मिनट तक टॉर्च की रोशन दिखाकर चिल्लाता रहा लेकिन हमारी पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ के जवान मदद के नाम पर छोटी क्रेन से रस्सी फेंकते रहे. 27 साल का था युवराज मेहता. एक तरफ तो हम विश्वगुरु बनने का सपना देख रहे हैं और दूसरी तरफ हमारे यहां जान सस्ती हो गई है. कोई मां अपने मासूम को दूध में पानी मिलाकर पिलाती है तो वह जहर बन जाता है. कहीं बिल्डिंग गिरने के बाद प्रशासन को पता चलता है कि यह तो अवैध थी. रात में ऑफिस से लौटते समय गोली मार दी जाती है. नोएडा सेक्टर 150 की एक सोसाइटी में रहने वाले युवराज के साथ जो हुआ, वह सुनकर रूह कांप जाएगी.
पिता राजकुमार मेहता रोते हुए कह रहे हैं कि मैं बेबस था, बेटा डूब रहा था लेकिन पानी ठंडा होने की बात करते हुए एसडीआरएफ के जवान युवराज के बचाने पानी में उतरे ही नहीं. क्रेन से बस ड्रामा चल रहा था. वे डर रहे थे कि अंदर सरिया होगा, पानी ठंडा है… हादसा रात में 12 बजे के करीब हुआ. कार समेत युवराज बेसमेंट में भरे पानी में गिर गया. 30 फीट गहरा पानी था और कार 70 फीट दूर तक चली गई थी.
युवराज आखिरी सांस तक लड़ा. उसने कार का दरवाजा खोला और छत पर चला गया. वह सीधा लेट गया था जिससे गाड़ी का बैलेंस बना रहा और नोएडा प्रशासन को उसे बचाने के लिए ज्यादा समय मिल सके. उसने पिता को 12 बजकर 20 मिनट पर फोन कर दिया था. पिता ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर फोन किया. युवराज को पता था कि कोहरा इसलिए पहचान में आने के लिए उसने मोबाइल की टार्च जला रखी थी. पिता उसे तलाशते हुए पहुंचे. रात 12.45 बजे नॉलेज पार्क प्रभारी सर्वेश सिंह पहुंचते हैं. (डिलिवरी ब्वॉय का वीडियो देखिए, जो वहीं पर था)
When 80 Minutes Wasn’t Enough to Save a Life
– This is so heartbreaking
Yuvraj Mehta, 27, stood on his sinking car for nearly 80 minutes, screaming “Papa, save me. I don’t want to die.”
His father heard him. Police saw him. Fire brigade arrived. SDRF came. NDRF joined.… pic.twitter.com/Sn6MHZqIwr— زماں (@Delhiite_) January 18, 2026
दमकल और एसडीआरएफ की टीम बुलाई जाती है. दमकल विभाग आया तो उसकी क्रेन केवल 40 फीट तक ही पहुंच सकी. कर्मचारी क्रेन पर चढ़कर रस्सी फेंकते रहे उधर युवराज पानी में समा रहा था. बड़ी क्रेन बुलाई ही नहीं गई. पानी में झाड़ियां थीं, पानी ठंडा था तो बचावकर्मी अपनी जान सेव कर लेना चाहते थे. ऐसे बचावकर्मियों को तो इस्तीफा देकर चूड़ियां पहन लेनी चाहिए. जिन्हें अपनी जान की पड़ी है वो किसी की सुरक्षा क्या करेंगे?
एसडीआरएफ की टीम ने बाद में कहा कि दृश्यता कम थी इसलिए हम युवराज को बचा नहीं पाए लेकिन कोई इनसे पूछे कि सर, आपसे बहादुर तो वह डिलिवरी ब्वॉय मुनेंद्र था जो कुछ दूर तक ठंडे पानी में उतरकर ढूंढने लगा था. मीडिया के कैमरे के सामने वह चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि ठंडे पानी के चलते कोई बचावकर्मी अंदर उतरा ही नहीं.
अब पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र का यह बड़ा बयान है. इससे हमें उम्मीद कर लेनी चाहिए कि युवराज जीवित हो जाएगा. नहीं हो पाएगा न सर, असल में इस तरह से प्रशासन की लापरवाही पर अफसरों का जांच का दावा एक छलावा होता है. जनता को जांच के नाम पर ठगा जाता है. सोमवार दोपहर में पता चला कि जेई को सस्पेंड कर दिया गया है. इससे क्या हो जाएगा?
करना ही है तो बंद कर दीजिए बचावकर्मी लिखना. अगर आपके सामने किसी की जान चली जाए और आप हाथ मलते रहें तो आप बचावकर्मी हो ही नहीं सकते. प्रशासन पंगु है और हम विश्वगुरु बनने का सपना देख रहे हैं. असल में एक युवराज की जान ने हमारे पूरे सिस्टम की सच्चाई फिर से खोल दी है. प्रशासन नंगा होता रहता है लेकिन उसे शर्म नहीं है. केस सुलझाने के नाम पर कमीशन चाहिए, बिल्डिंग परमिशन के लिए कमीशन चाहिए, तोड़फोड़ रोकनी है तो कुछ दे दीजिए. सेक्टर 150 में कई एकड़ की जमीन बिल्डरों को दी गई. टावर बनाकर परिवारों को भी बसा दिया गया लेकिन पानी निकासी का इंतजाम कौन करेगा? वहां रहने वाली जनता या बिल्डर या प्राधिकरण या फिर इसे जनसंख्या कम करने के लिए मौत का कुआं बनाए रखने के लिए छोड़ा गया है.
सच्चाई तो यह है कि हमारा सिस्टम जान जाने का इंतजार करता है. उसके बाद गंभीर होने का दिखावा करता है. यह ड्रामा तब तक चलता है जब तक अखबार उस खबर का फॉलोअप लेता है. उसके बाद जांच रिपोर्ट भी फाइल में दबा दी जाती है. युवराज के पिता के भी आंसू सूख जाएंगे. 2-4 सस्पेंशन होंगे और वे फिर से बहाल हो जाएंगे. ये सिस्टम ऐसे ही ठंडा बना रहेगा क्योंकि भ्रष्टाचार और निकम्मापन हमारे खून में घुस चुका है. जो लोग ऊपरी कमाई के लिए सरकारी सिस्टम जाने के सपने देखते हैं, उनसे आप और ज्यादा उम्मीद भी क्या कर सकते हैं.
दुआ कीजिए भगवान से, अल्लाह से, गुरुदेव से, जीसस क्राइस्ट से, जिसको भी आप मानते हैं उनके प्रार्थना कीजिए कि आपको या आपके बच्चे पर ऐसी मुसीबत न आए. क्योंकि अब जीवनभर युवराज के पिता खुद को माफ नहीं कर पाएंगे. उनके सामने बेटा मौत के मुंह में समा रहा था और वह कुछ कर नहीं पाए. प्रशासन के नाम खड़ी करीब 80 लोगों की टीम तमाशा देखती रही.
(यह लेखक के निजी विचार हैं)
