News in Brief

केरल में मंकीपॉक्स के मामलों को लेकर वैज्ञानिकों ने पहली बार इस तरह की गहराई से जांच की है. पुणे स्थित आईसीएमआर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी और देशभर की वायरल रिसर्च व डायग्नोस्टिक लैब्स की टीम ने मिलकर इस स्टडी को अंजाम दिया है. यह शोध मंकीपॉक्स के नए स्ट्रेन क्लैड Ib पर किया गया, जो पहले अफ्रीका के कुछ हिस्सों में फैल चुका है. अब कई दूसरे देशों में भी सामने आ रहा है.

मंकीपॉक्स क्लैड Ib
इस स्टडी में केरल के 10 ऐसे मामलों को शामिल किया गया जिनकी लैब जांच में मंकीपॉक्स क्लैड Ib की पुष्टि हुई थी. ये सभी केस सितंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच सामने आए थे. इस रिसर्च के नतीजे मेडिकल जर्नल वायरोलॉजी में प्रकाशित हुए हैं.

नया स्ट्रेन पुराने मंकीपॉक्स वायरस से ज्यादा फैलता
वैज्ञानिकों के अनुसार यह नया स्ट्रेन पुराने मंकीपॉक्स वायरस के मुकाबले ज्यादा तेजी से और ज्यादा दूर तक फैलने की क्षमता रखता है. यही वजह है कि इसके लिए निगरानी और जांच को और मजबूत करने की जरूरत बताई गई है. शोध में यह भी साफ हुआ है कि वायरस लगातार अपना रूप बदल रहा है. इस बात का संकेत है कि यह इंसानों के बीच फैलते हुए खुद को ढाल रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

वैज्ञानिक ने क्या बताया
स्टडी से जुड़े एक वैज्ञानिक ने बताया कि इस नए स्ट्रेन में म्यूटेशन यानी बदलाव का पैटर्न पुराने वायरस की तुलना में ज्यादा मजबूत है. इससे यह संकेत मिलता है कि वायरस अभी भी इंसानों के बीच घूमते हुए खुद को बदल रहा है.आगे भी खतरा बना रह सकता है. 

बता दें कि शोध के दौरान यह भी देखा गया, वायरस के कई जीन में वही बदलाव मिले, जो पहले कांगो जैसे देशों में पाए गए क्लैड Ib स्ट्रेन में देखे गए थे. इससे यह पता चलता है कि अलग-अलग देशों में वायरस एक जैसे तरीके से विकसित हो रहा है. 10 मामलों में से 6 मरीजों में एक नया म्यूटेशन भी पाया गया. वैज्ञानिकों ने मरीजों के लक्षण, शरीर में वायरस की मात्रा, इम्यून रिस्पॉन्स और वायरस के पूरे जेनेटिक स्ट्रक्चर की जांच की है.

जांच में क्या पता चला
जांच में यह बात भी सामने आई कि भारत में यह वायरस किसी एक व्यक्ति के जरिए नहीं आया. यह अंतरराष्ट्रीय यात्रा से जुड़े बड़े लेवल के फैलाव का हिस्सा था. आंकड़ों के मुताबिक 10 में से 9 मरीजों ने मंकीपॉक्स की पुष्टि से पहले विदेश यात्रा की थी. 

वहीं एक मामले में स्थानीय स्तर पर संक्रमण फैलने के संकेत भी मिले हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि इन नतीजों से साफ है कि मंकीपॉक्स के इस नए स्ट्रेन पर कड़ी नजर रखने और समय रहते जरूरी कदम उठाने की जरूरत है ताकि आगे किसी बड़े खतरे को रोका जा सके.

यह भी पढ़ें: बंगाल में लौटा निपाह वायरस! जान लें कितना है खतरनाक, 75% तक बना रहता मौत का खतरा; ऐसे करें बचाव