Anar Patel: गुजरात की राजनीति में लंबे समय की शांति के बाद एक ऐसा मोड़ आया है जिसने गांधीनगर से लेकर दिल्ली तक हलचल मचा दी है. आनंदीबेन पटेल की बेटी अनार पटेल की खोडलधाम समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति एक ‘सोशल एंट्री’ कम और ‘पॉलिटिकल लॉन्चिंग’ ज्यादा दिख रही है. इस एंट्री ने गांधीनगर के गलियारों में चर्चा और उत्सुकता दोनों जगा दी हैं. यह तो 2027 की शतरंज की पहली चाल है, जिसका ‘चेकमेट’ अभी से विरोधियों और पार्टी के आंतरिक प्रतिद्वंद्वियों को दे दिया गया है. 2027 से पहले अगर अनार पटेल एक्टिव हुईं तो ‘आप’ (AAP) और पाटीदार समाज का सबसे बड़ा विकल्प बन सकती हैं.
भाजपा में कोई भी बड़ी हलचल दिल्ली की सहमति के बिना संभव नहीं है. हाईकमान जानता है कि सौराष्ट्र में पाटीदारों को संभालने के लिए एक ऐसे चेहरे की जरूरत है जो शिक्षित भी हो और जिसका पारिवारिक बैकग्राउंड मजबूत हो. अनार पटेल की एंट्री के पीछे दिल्ली का संकेत साफ हैं, ‘पाटीदार वोट बैंक में सेंध अब नहीं चलेगी’. खोडलधाम यानी सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के लेउवा पाटीदार समाज का सबसे शक्तिशाली प्लेटफॉर्म. यह वही बेल्ट है जहां पिछले चुनावों में ‘आप’ (AAP) ने भाजपा के वोटों में सेंध लगाई थी. अनार पटेल को इस मैदान में उतारकर भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं. भाजपा की सौराष्ट्र-दक्षिण गुजरात के लेउवा पाटीदारों पर भी सीधी नजर है.
नरेश पटेल के प्रभुत्व के सामने भाजपा का ‘चेकमेट’
लंबे समय से खोडलधाम के चेयरमैन नरेश पटेल को कांग्रेस में खींचने की कोशिश होती रही हैं. अनार पटेल को अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने खोडलधाम के अंदर ही अपना एक ‘पावर सेंटर’ खड़ा कर दिया है. अब खोडलधाम सिर्फ नरेश पटेल के प्रभाव में नहीं रहेगा, बल्कि भाजपा की सीधी नजर में रहेगा. अनार पटेल की नियुक्ति भविष्य में नरेश पटेल का विकल्प भी बन सकती है. लंबे समय से कांग्रेस नरेश पटेल को खींचने की कोशिश कर रही है लेकिन भाजपा ने यहां ‘लॉक’ लगा दिया है.
“शेरनी अभी जिंदा है”: आनंदीबेन पटेल गुट होगा एक्टिव
एक समय ऐसी हवा थी कि सीआर पाटिल और अमित शाह के नेतृत्व में आनंदीबेन पटेल का गुट हाशिए पर धकेल दिया गया है लेकिन अनार पटेल की इस एंट्री ने साबित कर दिया कि आनंदीबेन पटेल ने अभी हथियार नहीं डाले हैं. गुजरात में अभी भी आनंदीबेन पटेल का कद मापा जाएगा और यह साबित करेगा कि पाटीदारों पर उनकी पकड़ आज भी बरकरार है. इस एंट्री ने साबित कर दिया है कि आनंदीबेन पटेल का गुट अब ‘अलग मोर्चा’ (चौका) बनाकर फिर से खड़ा हो रहा है.
पाटीदार समाज का युवा चेहरा
भाजपा अभी जिस तरह से युवा पीढ़ी को (जैसे कि हर्ष संघवी) तैयार कर रही है, उसमें अनार पटेल एक बड़ा विकल्प बन सकती हैं. अगर 2027 के बाद भूपेंद्र पटेल (दादा) एक्टिव नहीं रहते हैं, तो भाजपा के पास पाटीदार चेहरे के रूप में अनार पटेल तैयार होंगी. महिला मुख्यमंत्री की बेटी और बिजनेसमैन के तौर पर उनकी स्वच्छ छवि उन्हें हर्ष संघवी के सामने मजबूत प्रतिस्पर्धी बनाती है. अभी चुनाव में डेढ़ साल का समय है और अनार पटेल की एंट्री बिल्कुल सही समय पर हुई है. खोडलधाम संस्था अब अनार पटेल के लिए भाजपा में एंट्री का गेटवे बन सकती है. यह सिर्फ एक समिति के अध्यक्ष पद की बात नहीं है, बल्कि भविष्य के गुजरात के नेतृत्व की कैडर तैयार करने का खेल है.
AAP के पैर पसारने पर ब्रेक
सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने पाटीदार वोट हासिल किए थे, उसे रोकने के लिए अनार पटेल एक धारदार हथियार साबित हो सकती हैं. लेउवा पाटीदारों में मजबूत पकड़ रखने वाली संस्था के जरिए भाजपा अपनी वोट बैंक को फौलादी बनाना चाहती है. अनार पटेल के जरिए पाटीदार समाज में आनंदीबेन पटेल के अभी भी सक्रिय होने का मैसेज पास करके पुराने कार्यकर्ताओं में भी नई आशा जगाई गई है. आनंदीबेन गुट की सक्रियता के सामने दूसरे ‘पावर सेंटर’ कैसी प्रतिक्रिया देते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा लेकिन एक बात तय है कि अनार पटेल की खोडलधाम में एंट्री ने गुजरात की राजनीति को फिर से ‘गर्म’ कर दिया है.
कौन हैं आनंदीबेन…
आनंदीबेन पटेल भारतीय राजनीति का एक ऐसा दिग्गज नाम हैं जिन्हें गुजरात की ‘आयरन लेडी’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता है. आनंदीबेन पटेल के नाम सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि वे गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं. जब 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनकर दिल्ली गए, तब उन्होंने अपनी सबसे विश्वसनीय सहयोगी आनंदीबेन को ही गुजरात की कमान सौंपी थी. वे 1987 से भाजपा से जुड़ी हैं. जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब आनंदीबेन ने राजस्व, शिक्षा और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले थे. उन्हें एक सख्त और कुशल प्रशासक माना जाता है. फिलहाल वे देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की राज्यपाल हैं. इससे पहले वे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राज्यपाल भी रह चुकी हैं. सक्रिय राजनीति से दूर होने के बावजूद, गुजरात भाजपा में आज भी उनका एक मजबूत ‘गुट’ और प्रभाव है.
