Bengaluru News: कभी-कभी ऐसे मामले सामने आते हैं, जिसके बारे में जानकर लोग चिंता में पड़ जाते हैं. ऐसा ही मामला बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सामने आया है. यहां पर एयरपोर्ट से जुड़े एक स्टाफ ने एक विदेशी महिला पैसेंजर के साथ छेड़खानी की जिसके बाद उसे अरेस्ट कर लिया गया. अरेस्ट किए गए व्यक्ति की पहचान पहचान 25 साल के मोहम्मद अफान अहमद के तौर पर हुई है.
महिला को लगाया गले
पुलिस के मुताबिक पीड़िता साउथ कोरिया जाने के लिए बेंगलुरु एयरपोर्ट आई थी, आरोपी ने कथित तौर पर उससे कहा कि उसके बैग से बीप की आवाज आ रही है और कहा कि उसे प्राइवेट में चेक करवाना होगा. उसने कथित तौर पर उससे कहा कि अगर वह रेगुलर चेकिंग पॉइंट पर गई, तो उसे देर हो जाएगी और इसी बहाने, वह उसे पुरुषों के टॉयलेट के पास ले गया. सिक्योरिटी चेक और मैनुअल फ्रिस्किंग की आड़ में आरोपी ने कथित तौर पर उसके प्राइवेट पार्ट्स को छुआ और उसे कसकर गले लगाया.
पुलिस को सौंपा गया आरोपी
शिकायत करने वाली महिला ने कहा कि उसने कई बार उसके गले को छुआ, इतना ही नहीं आरोपी ने कथित तौर पर उसे घूमने के लिए भी कहा और फिर से उसके प्राइवेट पार्ट्स को छुआ.विदेशी महिला पैसेंजर ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया, जिसके बाद आरोपी को परेशानी महसूस हुई और वह मौके से भाग गया. इतना ही नहीं उसने पीड़िता को थैंक यू भी कहा. इसके बाद महिला ने एयरपोर्ट सिक्योरिटी स्टाफ में शिकायत दर्ज कराई. अधिकारियों ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया और पुलिस को सौंप दिया.
नहीं था चेकिंग का आधिकार
महिला नवंबर में टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी, घटना के समय अपने देश लौट रही थी. घटना की सूचना एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 से मिली. केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी. घटना के बारे में और जानकारी का इंतजार है. बता दें कि आरोपी, कम्मनहल्ली का रहने वाला है, उसे तलाशी लेने का अधिकार नहीं था. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. (IANS)
