News in Brief

PM Modi in Kerala: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केरल दौरे के दौरान तिरुवनंतपुरम में जो हुआ, उसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. वैसे कहा भी जाता है कि राजनीति में कभी-कभी छोटे-छोटे पल इतने बड़े हो जाते हैं कि उसके मायने बहुत बड़े होते हैं. यही हुआ जब पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान मंच से एक वाक्य बोला- “मेरे पुराने दोस्त…’ और बस, पूरे राज्य में इस वाक्य की चर्चा होने लगी. तो आइए जानते हैं आखिर क्या है मामला.

‘मेरे पुराने दोस्त…’ ये वाक्य किसके लिए?
पीएम मोदी ने जिसके लिए ये वाक्य का प्रयोग मंच से किया उनका नाम है तिरुवनंतपुरम के मेयर वी.वी. राजेश. जो अब केरल में बीजेपी के लिए ‘हीरो’ बन गए हैं. इसके पहले आगे की बात आपको बताएं आप सबसे पहले एयरपोर्ट की की बात जानें.

एयरपोर्ट पर क्यों नहीं दिखे मेयर?
शुक्रवार को जब प्रधानमंत्री मोदी तिरुवनंतपुरम पहुंचे तो आम प्रोटोकॉल के मुताबिक मेयर का एयरपोर्ट पर स्वागत करना था. लेकिन हैरानी की बात ये रही कि शहर के मेयर वी.वी. राजेश वहां मौजूद नहीं थे. इसे लेकर तुरंत सवाल उठने लगे और राजनीतिक अटकलें शुरू हो गईं.

Add Zee News as a Preferred Source

मंच पर मिली सफाई
बाद में साफ हुआ कि मेयर वी.वी. राजेश को प्रधानमंत्री के दोनों सार्वजनिक कार्यक्रमों में मंच पर विशेष स्थान दिया गया था, इसी वजह से वे एयरपोर्ट रिसेप्शन टीम में शामिल नहीं थे. लेकिन असली चर्चा तो इसके बाद शुरू हुई.

‘मेरे पुराने दोस्त’, एक लाइन, कई मायने
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के दौरान वी.वी. राजेश को मंच से “तिरुवनंतपुरम की शान” और “मेरे पुराने दोस्त” कहकर संबोधित किया. जैसे ही ये शब्द बोले गए, वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ आत्मीय संबोधन नहीं था, बल्कि राजेश के लंबे राजनीतिक सफर और पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा का सार्वजनिक सम्मान भी था.

कौन हैं वी.वी. राजेश?
वी.वी. राजेश बीजेपी के उन नेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने जमीनी स्तर से पार्टी में अपनी पहचान बनाई. वे पहले बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और इसके बाद तिरुवनंतपुरम जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली. उनकी मेयर पद पर जीत ऐतिहासिक रही, क्योंकि इसके साथ ही केरल को पहली बार बीजेपी का मेयर मिला. यह जीत तिरुवनंतपुरम नगर निगम में बीजेपी की बड़ी सियासी सफलता मानी जा रही है.

बड़े नेताओं का नाम क्यों नहीं?
दिलचस्प बात यह रही कि मंच पर मौजूद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन का पीएम मोदी ने अपने भाषण में नाम नहीं लिया. ऐसे में राजेश पर दिया गया खास फोकस, पार्टी के भीतर भी संदेश देने वाला माना जा रहा है.

विदाई के वक्त भी दिखी गर्मजोशी
कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब प्रधानमंत्री मोदी मंच से नीचे उतरे, तो उन्होंने वी.वी. राजेश के कंधों पर हाथ रखकर कुछ कदम साथ-साथ चलते हुए बात की. यह दृश्य कैमरों में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

सियासी संकेत साफ
पीएम मोदी का यह व्यवहार साफ दिखाता है कि बीजेपी केरल में अपने ग्रासरूट नेताओं और नगर निगम स्तर की जीत को कितनी अहमियत दे रही है. यह दौरा सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भविष्य की राजनीति की झलक भी दे गया.