Bengal Assembly Elections: पश्चिम बंगाल की 125-बसीरहाट उत्तर विधानसभा सीट में सुनवाई प्रक्रिया के दौरान गंभीर अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है. आयोग ने मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए तत्काल कार्रवाई की है. जानकारी के अनुसार, बसीरहाट-II के सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AERO) और प्रखंड विकास अधिकारी (BDO) सुमित्रा प्रतिम प्रधान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
विभागीय जांच के आदेश
आयोग के अनुसार, बिना अधिकार अतिरिक्त AERO की तैनाती कर सुनवाई कराना न केवल गंभीर प्रशासनिक कदाचार है, बल्कि यह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम का भी उल्लंघन है. चुनाव आयोग ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं. साथ ही 48 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है. आयोग ने संकेत दिया है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है.
ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर तीखा हमला
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर कड़ा प्रहार करते हुए उस पर लोगों के मतदान के अधिकार छीनने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एक ओर आयोग मतदाता दिवस मना रहा है, वहीं दूसरी ओर वह मतदाताओं को परेशान कर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित कर रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग के मौजूदा आचरण से वो परेशान हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में तथाकथित तार्किक विसंगति के नाम पर आम लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश में एक और हिंदू की हत्या, हैवानों ने गैराज में सोते हुए चंचल को जिंदा जलाया
सीएम ने आरोप लगाया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और नियमों के अनुसार काम करने के बजाय आयोग नए-नए बहाने खोज रहा है, ताकि लोगों को परेशान किया जा सके और उन्हें उनके चुनावी अधिकारों से वंचित किया जा सके. भाजपा पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को सत्तारूढ़ दल का सहयोगी बताते हुए कहा कि आयोग विपक्ष को कुचलने और भारतीय लोकतंत्र की नींव को कमजोर करने का काम कर रहा है.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर तृणमूल कांग्रेस लगातार विरोध जता रही है. पार्टी का आरोप है कि इस प्रक्रिया की असंवेदनशीलता के कारण बीएलओ कर्मियों और बुजुर्ग नागरिकों की हालिया मौतें हुई हैं.
