News in Brief

PM Modi NCC Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में होने वाली नेशनल कैडेट कॉर्प्स यानी NCC की पीएम रैली में हिस्सा लेंगे. इस मंच से वह युवाओं को नेशन फर्स्ट, देश पहले की सोच अपनाने और अपने जीवन में अनुशासन व अच्छे चरित्र को अहमियत देने का संदेश देंगे. बता दें, यह रैली एक महीने तक चले एनसीसी रिपब्लिक डे कैंप 2026 का भव्य समापन है. इस कैंप में देशभर से कुल 2406 कैडेट्स ने हिस्सा लिया है, जिनमें 898 लड़कियां भी शामिल थीं. इसके साथ ही 21 विदेशी देशों से आए 207 युवा और अधिकारी भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने थे.

क्या है पीएम रैली की थीम? 
इस साल की एनसीसी पीएम रैली का थीम रखा गया है राष्ट्र प्रथम- कर्तव्य निष्ठ युवा. इसका मतलब देश को सबसे ऊपर रखना, अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहना और जिम्मेदार नागरिक बनना है. यह थीम युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना को दिखाती है. रैली के दौरान एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा. इसमें एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ राष्ट्रीय रंगशाला और नेशनल सर्विस स्कीम के सदस्य भी हिस्सा लेंगे. ये प्रस्तुतियां देश निर्माण, समाज सेवा और युवाओं के चरित्र विकास में उनकी भूमिका को दिखाएंगी.

रक्षा मंत्री का NCC रिपब्लिक डे कैंप में दौरा
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी रिपब्लिक डे कैंप का दौरा किया था. उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को देश की दूसरी सुरक्षा पंक्ति बताया है. उन्होंने युवाओं से कहा कि वे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरे देश में हुए मॉक ड्रिल्स से प्रेरणा लें, जहां एनसीसी कैडेट्स ने लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई थी. कैंप में कैडेट्स को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चित दौर से गुजर रही है. ऐसे समय में युवाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत रहना चाहिए. जिससे वे हर चुनौती का सामना कर सकें.

Add Zee News as a Preferred Source

पाकिस्तान पर करारा वार
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकियों को करारा जवाब दिया था. यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद की गई थी. उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने साहस और संयम के साथ सिर्फ उन्हीं को निशाना बनाया जिन्होंने भारत को नुकसान पहुंचाया था. यह सब इसलिए संभव हो पाया क्योंकि हमारे सैनिक हर तरह से मजबूत हैं.

क्या बोले राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने कहा कि एनसीसी युवाओं को निखारने का एक बेहतरीन माध्यम है. एनसीसी अनुशासन और देशभक्ति सिखाती है और युवाओं को ध्यान की कमी जैसी समस्याओं से बाहर निकालने में मदद करती है. उन्होंने बताया कि एनसीसी धैर्य, निरंतरता और फोकस सिखाती है. जो जिंदगी की बड़ी लड़ाइयों और देश की बड़ी जिम्मेदारियों के लिए जरूरी है. 

बता दें, राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि एनसीसी में सीखा गया यही फोकस युवाओं के पूरे जीवन में दिखता है, चाहे वे आगे चलकर सेना में जाएं या डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक, प्रशासक या नेता बनें.

यह भी पढ़ें: प्रेस कॉन्फ्रेंस में अचानक EU काउंसिल प्रेसिडेंट लुइस ने जेब से क्या निकाला, पीएम मोदी हंसते हुए ताली बजाने लगे