News in Brief

महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की जान चली गई. हादसा बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे हुआ, मुंबई से बारामती आ रहा विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया. पूर्व भारतीय वायुसेना पायलट कैप्टन रिटायर्ड एहसान खालिद ने इस हादसे को बेहद दुखद बताया है. उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की वजह खराब मौसम, तकनीकी खराबी या पायलट के फैसले में हुई गलती तीनों में से कोई भी या इनका मेल हो सकता है. उन्होंने यह भी साफ किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं है.

पायलट थे काफी अनुभवी
कैप्टन एहसान खालिद ने बताया कि वह विमान के पायलट विदिप जाधव को करीब 20 साल से जानते थे. उन्होंने कहा कि जाधव अनुभवी होने के साथ-साथ भरोसेमंद पायलट थे. जानकारी के मुताबिक विमान ने पहली बार लैंडिंग की कोशिश की थी लेकिन फिर उसे दोबारा चक्कर लगाना पड़ा. यह फैसला खराब मौसम और कम दिखने की वजह से लिया गया या किसी तकनीकी दिक्कत के कारण यह अभी साफ नहीं है. फिलहाल किसी तकनीकी खराबी की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।

मौसम हो सकता चुनौती
खालिद ने बताया कि डीजीसीए और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उस वक्त विजिबिलिटी लिमिटेड थी. यानी न तो बहुत अच्छी थी और न ही बहुत खराब. ऐसे हालात में फैसला लेना मुश्किल होता है. उन्होंने कहा कि बारामती जैसे छोटे एयरफील्ड पर इलेक्ट्रॉनिक सुविधाएं कम होती हैं. ऐसे में पायलट को जो दिखता है वह रिपोर्ट से अलग भी हो सकता है. संभव है कि असल विजिबिलिटी रिपोर्ट से ज्यादा खराब रही हो.

Add Zee News as a Preferred Source

जांच से सामने आएगा सच
पूर्व वायुसेना पायलट ने कहा कि अब सारी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी. डीजीसीए ने विमान से जुड़े सभी कागजात अपने कब्जे में ले लिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उड़ान के वक्त कोई तकनीकी कमी थी या नहीं.

बता दें, एविएशन एक्सपर्ट दिप्तेश चौधरी ने भी कहा कि कम दृश्यता हादसे की एक बड़ी वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि पुणे में दृश्यता करीब 2500 मीटर थी. बारामती में इससे भी कम रही होगी. इसके अलावा फाइनल लैंडिंग के वक्त विमान रनवे से थोड़ा नीचे आ गया हो जिससे संतुलन बिगड़ा हो सकता है.

ब्लैक बॉक्स बताएगा असली वजह
एक अन्य एविएशन एक्सपर्ट डॉ. अशोकन ने कहा कि हादसे की असली वजह ब्लैक बॉक्स की जांच के बाद ही सामने आएगी. उन्होंने बताया कि एविएशन सेक्टर सबसे सुरक्षित माना जाता है लेकिन ज्यादातर हादसे मानवीय गलती या सिस्टम फेल होने की वजह से होते हैं. इस हादसे में मौसम भी एक अहम कारण बन सकता है.

पायलट ट्रेनिंग पर भी उठे सवाल
डॉ. अशोकन ने यह भी कहा कि आज के विमानों में मौसम की चेतावनी, ऑटो पायलट और लैंडिंग सिस्टम जैसी कई सुविधाएं होती हैं. जब पायलट को खुद नियंत्रण लेना पड़ता है तब हालात मुश्किल हो जाते हैं. ऐसे में पायलटों की सिमुलेशन ट्रेनिंग को और बेहतर करने की जरूरत है.

हादसे की जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की टीम एक्टिव है. टीम ने विमान चलाने वाली कंपनी के दफ्तर से जरूरी दस्तावेज जब्त किए हैं. विमान के लॉगबुक, इंजन रिकॉर्ड, मरम्मत से जुड़े कागजात, रडार डेटा, सीसीटीवी फुटेज और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग भी जांच के लिए जुटाई जा रही है.

यह भी पढ़ें: डिप्टी सीएम अजित पवार थे प्लेन में फिर भी पायलट को बारामती में मैनुअल लैंडिंग के लिए क्यों कहा गया था?